Rajasthan News: युवाचार्य अभयदास को मिली जान से मारने की धमकी, तखतगढ़ थाने में मामला दर्ज
Rajasthan News: राजस्थान के तखतगढ़ के युवाचार्य अभयदास को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अभयदास ने इस मामले को लेकर तखतगढ़ पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने इंस्टाग्राम पर आए धमकीभरे पोस्ट और कमेंट का जिक्र किया है।
यह मामला अभयदास द्वारा हाल ही में साझा किए गए कुछ वीडियो से जुड़ा है। जिनमें उन्होंने अजमेर शरीफ दरगाह जाने और वहां माथा टेकने के विषय में अपनी राय रखी थी। इन वीडियो के बाद से कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर युवाचार्य अभयदास को जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दिया। कुछ कमेंट में उदयपुर के कन्हैया लाल हत्याकांड का भी जिक्र किया गया है और अभयदास की गर्दन काटने की धमकी दी गई है।

युवाचार्य अभयदास ने इन धमकियों को अपने विचारों को दबाने की कोशिश बताया है। उन्होंने पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है और अभयदास को सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। कई लोग युवाचार्य अभयदास के समर्थन में सामने आए हैं और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है और दोषियों को कब तक गिरफ्तार किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications