धौलपुर: राजस्थान पुलिस-बजरी माफिया के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस की गोली से नाबालिग की मौत
धौलपुर। राजस्थान पुलिस और बजरी माफिया धौलपुर जिले में आमने-सामने हो गए। दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई जिसमें एक नाबालिग की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। बता दें कि इससे पहले 30 अगस्त 2019 को बसईडांग थाना पुलिस और बजरी परिवहन करने वालों के बीच फायरिंग में दो युवकों की भी मौत हो चुकी है।

धौलपुर के पगुली के जंगल में फायरिंग
जानकारी के अनुसार धौलपुर जिला चंबल किनारे स्थित है। यहां बजरी का अवैध रूप से परिवहन जोरों पर है। बजरी माफिया और पुलिस के बीच अक्सर फायरिंग होती रहती है। गुरुवार दोपहर धौलपुर के बाड़ी सदर पुलिस थाने इलाके पगुली के जंगलों में पुलिस और बजरी माफिया एक बार फिर आमने-सामने हो गए। दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई। इस दौरान बजरी से भरी ट्रॉली पर बैठे 14 वर्षीय रोहित पुत्र केदार निवासी ठाकुरपाड़ा बाड़ी की की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिसकर्मी विवेक कुमार भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग
पुलिस गोली लगने के बाद रोहित और विवेक कुमार को धौलपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां पर चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल में रोहित के परिजन ग्रामीणों के साथ अस्पताल पहुंचे और गोली चलाने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई व मृतक के परिजनों को उचित मुआवजे की मांग करने लगे। मांग नहीं माने जाने तक उन्होंने रोहित का शव लेने से इनकार कर दिया।

धौलपुर जिला अस्पताल बना छावनी
पुलिस की गोली लगने से रोहित की मौत के बाद धौलपुर जिला अस्पताल में कांग्रेसी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा भी पहुंच गए। मामला बढ़ता देख अस्पताल में अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। शव रात को मुर्दाघर में ही रहा। पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने शुक्रवार सुबह शव लिया और अंतिम संस्कार किया। विधायक मलिंगा ने भरतपुर डीआईजी पर बजरी माफिया को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।












Click it and Unblock the Notifications