Sanjana Jatav MP Bharatpur: सांसद संजना जाटव के कांस्टेबल पति ने बताई जीत की इनसाइड स्टोरी
Who is Sanjana Jatav: 18वीं लोकसभा के लिए राजस्थान के भरतपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद चुनी गईं कांग्रेस संजना जाटव देश के युवा सांसदों में से एक हैं। दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वालीं संजना जाटव वो शख्स हैं, जिन्होंने जिला परिषद सदस्य से सांसद बनने तक का सफर तय किया है।
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में संजना जाटव के कांस्टेबल पति कप्तान सिंह ने बताया कि पत्नी संजना का भरतपुर से सांसद बनना इतना आसान नहीं था। राह में कई दिक्कतें आईं। पहले विधानसभा चुनाव में 409 वोटों से हार का मुंह भी देखना पड़ा। मामूली अंतर से बेटी की के सदमे पिता की जान तक चली गई, मगर पत्नी संजना ने हिम्मत नहीं हारी।

वन इंडिया हिंदी की सीरीज सांसदनामा (Sansadnama) में आज जानिए भरतपुर सांसद संजना जाटव का जीवन परिचय, राजनीतिक कैरियर, नेट वर्थ, पति व बच्चों के बारे में।
संजना जाटव का जन्म व परिवार
- संजना जाटव का जन्म 1 मई 1998 को राजस्थान के भरतपुर जिले की वैर विधानसभा क्षेत्र के भुसावर में सीताराम जाटव व रेशम देवी के घर हुआ।
- संजना जाटव की शादी 7 दिसम्बर 2016 को अलवर जिले की कठूमर तहसील के गांव समूची निवासी कप्तान सिंह के साथ हुई।
- संजना की सास का नाम रामवती देवी व ससुर का नाम हरभजन सिंह है।

- संजना जाटव के दो बच्चे हैं। चार साल की बेटी का नाम सृष्टि व छह साल का बेटा कार्तिक है।
- शादी के बाद संजना जाटव ने महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के गांधी ज्योति कॉलेज से बीए और लॉर्ड्स यूनिवर्सिटी, अलवर से एलएलबी की डिग्री ली।
- संजना जाटव के पति कप्तान सिंह साल 2012 से राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल हैं। कप्तान सिंह वर्तमान में अलवर जिले के थानागाजी में पोस्टेड हैं।
संजना जाटव का राजनीतिक सफर
- संजना जाटव के मायके में कोई राजनीति से नहीं जुड़ा। ससुर हरभजन सिंह ठेकेदार हैं। बड़े ससुर कमल सिंह सरपंच रह चुके हैं।
- बड़े ससुर कमल सिंह के कहने पर संजना जाटव ने साल 2021 में अलवर के वार्ड नंबर 29 से चुनाव लड़ा। जिला परिषद सदस्य चुनी गईं।
- जिला परिषद सदस्य बनने के बाद वह अपने ससुर के साथ कांग्रेस नेताओं से मिलने जयपुर आईं।

- कांग्रेस के एक नेता के यहां पहुंची तो वहां करीब 100 लोगों की मौजूदगी में कांग्रेस नेता ने तंज कसा कि इससे विधायक बनने की जल्दी है।
- कांग्रेस नेता का यह तंज संजना के ससुर को अपमानजनक लगा। फिर भी उन्होंने संजना को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया।
- विधानसभा चुनाव लड़ने से पहले संजना ने साल 2023 में एलएलबी की डिगी ली। इस बीच वह राहुल गांधी की 'भारत जोडो' यात्रा और प्रियंका गांधी के 'मैं भी लड़की हूं लड़ सकती हूं' कैम्पेन से जुड़ीं।

संजना जाटव के लिए कांग्रेस काटा चार बार के विधायक का टिकट
- संजना जाटव के ससुराल वालों के कांग्रेस महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह के अच्छे सियासी संबंध हैं।
- 'भारत जोड़ो' यात्रा में भंवर जितेंद्र सिंह ने संजना जाटव की मुलाकात राहुल गांधी व प्रियंका गांधी से करवाई।
- प्रियंका गांधी ने भंवर जितेंद्र सिंह से कहा कि इसे आगे बढ़ाना है। तब से संजना भंवर जितेंद्र सिंह के साथ मिलकर अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने लगीं।

- प्रियंका गांधी की करीबी होने का फायदा संजना जाटव को राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में मिला।
- नतीजा यह रहा कि कांग्रेस ने चार बार के विधायक बाबूलाल बैरवा का टिकट काटकर संजना जाटव को मैदान में उतारा।
- कठूमर विधानसभा चुनाव में संजना जाटव भाजपा के रमेश खींची के सामने 409 वोटों से हार गईं।
- संजना जाटव की विधानसभा चुनाव 2023 की हार की वजह से पिता सीताराम जाटव को सदमा लगा। सीताराम जाटव का 9 जनवरी 2024 को निधन हो गया।

भरतपुर लोकसभा चुनाव 2024
- एससी की सीट कठूमर यूं तो अलवर जिले में है, मगर यह भरतपुर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है।
- कठूमर से हारने के बावजूद संजना जाटव जनता से मुंह नहीं मोड़ा। वह क्षेत्र में कांग्रेस के लिए लगातार काम करती रहीं। खुद को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तैयार किया।
- अब तक संजना जाटव कांग्रेस आलाकमान की नजरों में आ चुकी थीं। कांग्रेस को भी लगने लगा कि संजना जाटव भरतपुर लोकसभा चुनाव 2024 में जीत सकती है।
- कांग्रेस ने संजना जाटव को भरतपुर लोकसभा चुनाव 2024 में टिकट दिया। उनके चुनाव की कमान भंवर जितेंद्र सिंह को सौंपी।
- भंवर जितेंद्र सिंह के अलावा भरतपुर से कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह का भी संजना जाटव को साथ मिला।
- विश्वेंद्र सिंह ने तो संजना जाटव को अपनी बेटी बताया और उसके समर्थन वोट मांगे। विश्वेंद्र सिंह की वजह से संजना को जाटों के वोट मिले।
- भरतपुर लोकसभा चुनाव 2024 का नतीजा यह रहा कि कांग्रेस की संजना जाटव को कुल 579,890 और भाजपा के रामस्वरूप कोली को कुल 5,27,907 मिले। संजना की जीत का अंतर 51983 वोट रहा।

संजना जाटव राजस्थान की सबसे युवा व गरीब सांसद
भरतपुर की सांसद बनने के साथ ही संजना जाटव ने दो रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। संजना जाटव का एक रिकॉर्ड तो यह है कि ये राजस्थान की सबसे युवा महिला सांसद हैं। दूसरा रिकॉर्ड ये कि संजना जाटव राजस्थान के सभी 25 सांसदों में सबसे गरीब हैं। संजना जाटव की नेटवर्थ 23 लाख 10 हजार 193 रुपए है।
उल्लेखनीय है कि संजना जाटव के कांस्टेबल पति ने उनको जीत पर बधाई देते हुए फेसबुक पर लिखा कि ''आज मेरी धर्मपत्नी संजना जाटव ने मेरा मान बढ़ाया। भरतपुर सांसद साहिबा Sanjna Jatav को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।












Click it and Unblock the Notifications