Rajasthan : प्रेम प्रसंग के चलते युवक को बोतल में पेशाब, जूते में पिलाया पानी, देखें Viral Video
सिरोही। राजस्थान के सिरोही जिले में एक युवक के साथ अमानवीय घटना सामने आई है। युवक को जबरन बोलत में पेशाब और जूते में पानी पिलाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। सिरोही के भेव गांव युवक पर एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग रखने का आरोप है। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई राजस्थान की पाली और सिरोही पुलिस ने पांच आरोपियों व एक बाल अपचारी को पकड़ा है। शेष अन्य आरोपियों की तलाश में उनके संभावित जगहों पर दबिश दे रही है।
Recommended Video

पीड़ित परिवार ने छोड़ा घर
युवक के साथ अमानवीय घटना के बाद पीड़ित पक्ष को गांव छोड़ने की धमकी देकर छोड़ा। सुमेरपुर पुलिस ने 11 जून के इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद 15 जून की रात को एफआईआर दर्ज कर मंगलवार सुबह पांच आरोपी लक्ष्मणराम देवासी, जवानाराम, भीमाराम, नवाराम व दरगाराम देवासी को गिरफ्तार किया। एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया है। आरोपियों की धमकियों से घबराया पीड़ित परिवार अपने मौसा के गांव भारूंदा में रह रहा है। इधर, पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

फोन पर करता था बातचीत
सिरोही एसपी कल्याणमल मीणा ने बताया कि इस घटनाक्रम के बारे में स्टेट कंट्रोल रूम समेत उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। चूंकि यह मामला पाली जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र का है। इसलिए वहीं की पुलिस कार्रवाई कर रही है। पाली के सुमेरपुर थाना प्रभारी रविंद्रसिंह खींची ने बताया कि सिरोही के भेव गांव का कालूराम देवासी अविवाहित है, जो अपने गांव की विवाहिता से अक्सर फाेन पर बातें करता था। यह बात विवाहिता के भाई को पता चली तो उसने अपने रिश्तेदारों को बताया।

दोपहर को किया अपहरण
गत 9 जून को पीड़ित कालूराम सुमेरपुर के निकट भारुंदा गांव में अपने मौसा को छोड़ने आया था। दो दिन बाद 11 जून को दिन में 3 बजे वह शिवगंज में घरेलू सामान लेकर मौसा के घर लौट रहा था। तभी भारूंदा रोड पर स्थित भूरिया बाबा मंदिर के पास बाइक व कार में आए 9 आरोपियों ने उसका अपहरण किया और उसे सिरोही के सरदारपुरा गांव के पास एक कुएं पर ले गए। वहां आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांध उसके साथ मारपीट की।

पांच हजार रुपए वसूले
इस दौरान लक्ष्मणराम के भाई के लड़के गोपाराम ने शराब की बोतल में पेशाब भरकर लाया और जबरदस्ती उसे पिलाया। आरोपी लाखाराम वेरावीलपुर ने उसके जूते में पानी भरा और उसे पिलाया। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने उसके चाचा व भाई को बुलाया, जिन्हें भी आरोपियों ने रातभर पेड़ से बांधे रखा और मारपीट की। इसके बाद माता-पिता को बुला आरोपियों ने दंड स्वरूप 5 हजार रुपए भी वसूले और सुबह 5 बजे छोड़ा।

नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने भेव गांव के दरगाराम देवासी के कहने पर पीड़ित कालूराम का अपहरण किया और उसके साथ अमानवीयता की। पीड़ित की ओर से सुमेरपुर थाने में भेव निवासी दरगाराम, लक्षमणराम देवासी, जवानाराम, भीमाराम, हकमाराम, नवाराम, सुपरणा निवासी लक्षमणराम, गोपालराम और वेरावीलपुर निवासी लाखाराम समेत 9 लोगों के खिलाफ अपहरण व मारपीट का मामला दर्ज कराया। इसमें वेरावीलपुर निवासी लाखराम भोपा भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications