Rajasthan: गुल्लक से पैसे निकालने पर फूफा ने की भतीजे की हत्या, बोला-जहरीले कीड़े के काटने से हुई मौत
भतीजे की हत्या का यह मामला राजस्थान के बूंदी जिले के हिंडोली पुलिस थाना इलाके के गांव पपराला का है। मरने वाला बच्चा 13 वर्षीय विकास मीणा फूफा के घर रहकर पढ़ाई करता था।

फूफा ने पीट-पीटकर भतीजे की जान ले ली। फिर पुलिस व परिजनों को मनगढ़ंत कहानी सुना दी कि जहरीले कीड़े के काटने से बच्चे की मौत हो गई।
परिजन जब अंतिम संस्कार के लिए शव को नहला रहे थे। तब शरीर के चोट के निशान देख शक हुआ। पुलिस ने आरोपी फूफा से पूछताछ की। शुरुआत में तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा। फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया।
हिंडोली पुलिस थाने के एसआई सूरजमल मीणा ने बताया कि बूंदी जिले के हिंडोली पुलिस थाना इलाके के गांव पपराला निवासी 13 वर्षीय विकास मीणा अपनी बुआ और फूफा के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह मूलरूप से भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर पुलिस थाना इलाके के गांव छाजेलों का खेड़ा का रहने वाला था।
विकास के पिता दुर्गालाल मीणा के अनुसार विकास ने गुल्लक से कुछ पैसे निकाल लिए थे। इस पर मंगलवार शाम को उसके फूफा रमेश चंद मीणा ने खूब पीटा। उससे विकास की तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद रमेश चंद मीणा ने कहानी रच डाली कि विकास को जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। एकबारगी तो सबने उसकी बात पर यकीन कर लिया, मगर अंतिम संस्कार से पहले शव पर चोट के निशान ने पूरा रोज दिया।
पुलिस ने आरोपी फूफा रमेशचंद मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि विकास ने गुल्लक से बिना बताए पैसे निकाल लिए थे। इस पर गुस्सा होकर उसने विकास से समझाइश की थी। थोड़ी पिटाई भी की। उधर, पुलिस ने शव का अंतिम रुकवाकर पहले पोस्टमार्टम करवाया। फिर शव परिजनों को सौंप दिया।












Click it and Unblock the Notifications