दिवाली की तैयारियों के बीच घर एक साथ पहुंचे दो भाइयों के शव
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपऊ थाना क्षेत्र में एनएच 123 पर तसीमो गांव के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक के टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। ट्रक दोनों चचेरे भाइयों का कुचलते हुए निकल गया।

हादसे की सूचना पाकर स्थानीय ग्रामीण व सैपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर स्थानीय सीएचसी के मुर्दाघर में रखवाया। बुधवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एसएसआई घनश्याम सिंह के मुताबिक कौलारी थाना क्षेत्र के गांव नया नगला निवासी 35 वर्षीय राजवीर पुत्र कालूराम एवं उसका चचेरा भाई 22 वर्षीय रामहरि पुत्र रामवीर पशुओं की दवा लेने के लिए घर से फुलपुरा गांव के लिए गए थे।
बाइक सवार दोनों चचेरे भाई जैसे ही एनएच 123 पर तसीमों गांव से आगे निकले तो फूलपुरा मोड़ पर धौलपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों भाई ट्रक के टायरों के नीचे दब गए और उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। उधर, ट्रक को सड़क पर खड़ा कर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रक के नीचे से दोनों चचेरे भाइयों के शवों को निकलवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications