वाट्सएप पर फोटो भेजकर तय करके थे हथियारों का सौदा, छोटी सी सूचना ने पुलिस को इन तक पहुंचाया
जयपुर। राजधानी की बजाज नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन चोर व अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले रवींद्र व उसके साथी मुकेश राजपूत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी के वाहन के साथ ही देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए।

बजाज नगर थानाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में बढ़ती वाहन चोरी व अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त की वारदातों को लेकर विशेष सर्तकता बरती जा रही है। इसी के चलते पुलिस को मुखबिर से शहर में अवैध हथियारों की सप्लाई करने की सूचना मिली।
सूचना को पुख्ता करते हुए पुलिस ने धेराबंदी कर आश्रम मार्ग पर अवैध हथियारों की सप्लाई करने आए रवींद्र व उसके साथी मुकेश राजपूत को दबोच लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी रवींद्र के कब्जे से देशी कट्टा व मुकेश के कब्जे से जिंदा कारतूस भी बरामद किया। दोनों आरोपी वाहन चोरी की वारदातों में लिप्त रहे हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी के वाहन भी बरामद किए हैं। पुलिस की मानें तो पूछताछ के दौरान इस गिरोह में शामिल बाबा गुर्जर व हरिओम की भी जानकारी सामने आई है। यह गिरोह वाट्सएप पर फोटो भेजकर बदमाशों से हथियारों का सौदा कर उन्हें हथियार सप्लाई करता है। फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications