Rajasthan: मैरिज हॉल में हादसा, सीवरेज चैंबर में सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने पर 3 युवकों की मौत
राजस्थान के पाली में सीवरेज चैंबर हादसा रात दो बजे हुआ था। चैंबर से तीन युवकों के शव सुबह चार बजे निकाले जा सके।

राजस्थान के पाली शहर में मैरिज गार्डन स्थित सीवरेज चैंबर में उसकी सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया और तीन युवकों की जान चली गई। चौथे युवक को बचा लिया गया। रात दो बजे हुई घटना के बाद सुबह चार बजे शव बाहर निकाल जा सके।
बता दें कि पाली में सुमेरपुर रोड स्थित केशव नगर के सेंचुरी मैरिज गार्डन के सीवरेज चैंबर में शादी समारोह का वेस्ट भर गया था। ऐसे में चैंबर की सफाई करने के लिए शुक्रवार रात करीब दस बजे पांच सफाईकर्मी पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि चार युवक सफाई करने के लिए चैंबर के अंदर उतरे थे। एक युवक रस्सा लेकर बाहर खड़ा था। चौथे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की शिनाख्त पाली के पुराना बस स्टैंड वाल्मीकि बस्ती निवासी विशाल (28), करण (22) और बापूनगर वाल्मीकि बस्ती निवासी भरत (20) के रूप में हुई है।
चैंबर में हादसे की सूचना पर पाली कोतवाली पुलिस, नगर परिषद टीम और औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मड पंप से सीवरेज चैंबर से कचरा बाहर निकला गया, मगर तब तीन युवक दम तोड़ चुके थे। मंडिया रोड कालूजी बगेची निवासी 22 साल का रितिक वाल्मीकि घायल था।
प्रशासन की टीम को शवों को चैंबर से बाहर निकालने में सुबह चार बजे सफलता हाथ लगी। शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि चैंबर से जहरीली गैस का रीसाव होने के कारण युवकों की मौत हुई।
खबर है कि युवकों के परिजनों ने एक एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मैरिज गार्डन मालिक से तीनों मृतकों के परिवार को 11-11 लाख रुपए का मुआवजा दिलाने की मांग की। पीएम आवास योजना में आवास की भी मांग की गई है।












Click it and Unblock the Notifications