स्वच्छ जैसाणा अभियान : जैसलमेर कलेक्टर आईएएस टीना डाबी ने सड़कों पर लगाई झाड़ू
जैसलमेर, 10 अगस्त। स्वच्छ जैसाणा अभियान के तहत बुधवार सुबह साढ़े छह बजे जैसलमेर शहर की गांधी कॉलोनी स्थित दस दुकान के पास स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जैसलमेर जिला कलक्टर टीना डाबी एवं जैसलमेर नगरपरिषद के सभापति हरिवल्लभ कल्ला ने हाथों से झाडू निकालकर नगरवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया एवं सीख दी कि पर्यटन की दृष्टि से विख्यात स्वर्ण नगरी जैसलमेर को आमजन सदैव स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखें।

स्वच्छ जैसाणा अभियान के माध्यम से पूरे नगरवासियों को जिला कलक्टर डाबी ने यह संदेश दिया कि जीवन में स्वच्छता का कितना महत्व है? हर व्यक्ति को स्वच्छता के लिए अपने हाथों से श्रमदान करना चाहिए। सार्वजनिक स्थलों व बाग-बगीचों में भी श्रमदान कर उसको भी साफ-सुथरा रखना चाहिए।
जैसलमेर जिला कलक्टर टीना डाबी ने दुकानदारों और नागरिकों से समझाइश कि वे अपनी दुकानों के आगे एवं सड़क पर कचरा नहीं डालें। कचरे के लिए अपने दुकान के आगे डस्टबिन रखें एवं उसमें ही कचरा डालें। नगरपरिषद के कचरा वाहनों में उस कचरे को प्रतिदिन डालें ताकि उनके क्षेत्र में कहीं पर भी गंदगी नहीं रहे।

उल्लेखनीय है कि इन दिनों जैसलमेर डीएम टीना डाबी इस वजह से भी चर्चा में है कि उनके नाम से सोशल मीडिया के जरिए ठगी का प्रयास हुआ है। डूंगरपुर का एक युवक वाट्सएप पर डीपी में टीना डाबी की फोटो लगाकर दूसरों को मैसेज भेजकर अमेजॉन गिफ्ट कार्ड मांग रहा था। जैसलमेर पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया है।












Click it and Unblock the Notifications