युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर बरसाए पत्थर, पुलिस अधिकारी समेत कई कांस्टेबल घायल
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर के कामां इलाके के गांव धर्मशाला में ग्रामीणों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। हमले में पुलिस अधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने पथराव कर रहे लोगों को खदेड़कर दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया है।

घायल युवक ने तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार गांव धर्मशाला में गत दिनों दो पक्षों में लाठी-भाटा जंग हो गई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। उसकी उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई और पोस्टमार्टम के बाद शब परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद परिजनों ने रविवार शाम को मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

लूटपाट और तोड़फोड़ की
सोमवार दोपहर को दूसरे पक्ष के लोगों के घर में मृतक पक्ष के लोगों ने जाकर लूटपाट और तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही कैथवाड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जहां ग्रामीणों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया। पुलिस ने सूचना देकर अतिरिक्त जाब्ता मौके पर बुला लिया, लेकिन ग्रामीणों ने लगातार पुलिस पर पथराव करते रहे जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुगलाल मीणा, कामां डीएसपी देवेंद्र सिंह राजावत, डीग डीएसपी मदनलाल सहित पूरे डीग सेक्टर की सभी थानों की पुलिस एवं क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंच गई।

छावनी में बदला धर्मशाला गांव
पुलिस पर पथराव करने वाले लोगों को जमकर खदेड़ा। वहीं, दर्जनों लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। साथ ही लूटपाट किए गए सामान को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस पर ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव के बाद धर्मशाला गांव में छावनी बन गई। चारों तरफ सिर्फ पुलिस की गाड़ियां और पुलिसकर्मी ही घूमते हुए नजर आए। गांव की पूरी सीमा को पुलिस ने सील कर दिया। पूरे गांव में पुलिस पर हमला करने वाले लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके चलते पुलिस ने लोगों को हिरासत में लिया है।












Click it and Unblock the Notifications