लॉक डाउन में बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, रास्ते में पुलिस ने पकड़ लिया, जानिए फिर क्या हुआ
श्रीगंगानगर। कोरोना के खौफ को देखते हुए 24 मार्च को रात 12 बजे से देशभर में 21 दिन के लिए लॉक डाउन है। वहीं, दूसरी ओर कई लोग लॉक डाउन की धज्जियां उड़ा रहे है। ये उनके लिए, उनके परिवार के लिए, समाज के लिए और पूरे देश के लिए नुकसानदायी है। राजस्थान में एक मामला श्रीगंगानगर में सामने आया है, जहां पर बिना अनुमति दूल्हे को बारात लाना महंगा पड़ गया।

पकडे गए तो छुपाया मुंह
जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर के लालगढ़ गांव में एक दूल्हा अपनी दुल्हन लेने बारात लेकर पहुंच गया है जबकि पूरे प्रदेशभर में लॉक डाउन है, वहीं धारा 144 भी लागू है। इसके बावजूद बिना अनुमति के दूल्हा बारात लेकर पहुंच गया। जब पुलिस को इस बात का पता चला तो दूल्हे को पकड़ लिया। जब दूल्हे को पकड़ा तो दूल्हे ने शर्म के मारे अपना मुंह छुपा लिया। पुलिस ने दूल्हे और बारातियों को गाड़ी से नीचे उतारा और पूछताछ की। जिसमें करीब 10-11 लाेग सवार थे। दूल्हे ने शादी की परमिशन एसडीएम से लिए जाने की बात कही, लेकिन काेई दस्तावेज नहीं दिखा पाया।
पुलिस ने दूल्हे को थमाया एक पर्चा
पुलिस ने दूल्हे को एक पर्चा थमा दिया, जिसमें लिखा था 'मैं समाज का दुश्मन हूं। किसी के कहने पर घर नहीं बैठूंगा। मैं खुद मरूंगा और सबकाे भी मारूंगा' गौरतलब है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित किया था। उन्होंने पूरे देशभर में 21 दिन के लिए लॉकडाउन करने की घोषणा की। वहीं, प्रदेश के मुखिया अशोक गहलोत ने भी राजस्थान में लॉकडाउन और धारा 144 लागू कर रखी है।












Click it and Unblock the Notifications