राजस्थान में आकाशीय बिजली से अनाथ हुए दो परिवार, पति-पत्नी सहित 6 की मौत
Rajasthan Weather News: प्रदेश में आज पश्चिमी विक्षोभ का ऐसा असर हुआ कि आकाशीय बिजली गिरने से दो परिवार अनाथ हो गए।
राजस्थान में अलग अलग जगह आकाशीय बिजली गिरने से पति-पत्नी सहित 6 जनों की मौत हो गई। दूदू,टोंक सहित कई जिलों में चेने के आकार ओले आसमान से ताबड़तोड़ गिरे।

बीकानेर, जैसलमैर, दूदू, जयपुर अजमेर,झालावाड़,टोंक सहित करीब 23 जिलों में झमाझम बारिश होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।
झालावाड़ सहित कई जिलों की मंडियों में रखा धरतीपुत्रों का अनाज भीग गया। वहीं बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज हुई है। शीत लहर चलने से एक बार फिर से कड़ाके की सर्दी का अहसास हो गया।
राजस्थान के अलग-अलग शहरों में बारिश, ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। तेज हवा के साथ अजमेर, जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, दौसा में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
इन जिलों में अलग-अलग हुए बिजली गिरने के हादसों में 6 की मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी और स्टूडेंट भी शामिल है। वहीं, 4 लोग बुरी तरह झुलस गए। वहीं, जयपुर के पास दूदू में खूब ओले गिरे।
प्रदेश में चल रही ठंडी हवाओं से तापमान में भी गिरावट हुई है। इससे पहले आज सुबह जैसलमेर और श्रीगंगानगर में बूंदाबांदी भी हुई।
इसके साथ ही मौसम केंद्र नई दिल्ली ने इस सिस्टम को सीजन का सबसे स्ट्रॉन्ग सिस्टम माना है, जिसे देखते हुए 10 राज्यों को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में पाकिस्तान के रास्ते आए पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज पूरा मरू प्रदेश बारिश से तर हो गया।
आज बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, जैसलमेर और श्रीगंगानगर में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, 2 मार्च को करौली, झुंझुनूं, धौलपुर, दौसा, भरतपुर और अलवर में ऑरेंज अलर्ट है।
दौसा में बाइक सवार युवक पर गिरी बिजली
दौसा के लालसोट में दो जगह आकाशीय बिजली गिरने से एक छात्रा और युवक की मौत हो गई। युवक लालसोट के देवली मोड पर बाइक से जा रहा था। वहीं, दौलतपुरा में स्कूल से घर जाते समय छात्रा पर आकाशीय बिजली गिरी।
सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्र के बगीना गांव के पास खेत में फसल कटाई के लिए गए पति-पत्नी जलेबी मीणा (28) पत्नी राजेंद्र मीणा और राजेंद्र (30) पुत्र हरभजन मीणा की मौत हो गई।
वहीं सवाईमाधोपुर में मित्रपुरा तहसील के गांव नानतोड़ी में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक धन्नालाल पुत्र पांचू राम मीणा की भी मौत हो गई।
टोंक में चार लोगों पर गिरी बिजली
टोंक जिले की पीपलू पंचायत समिति कार्यालय पर शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से चार कर्मचारी अचेत हो गए। बिजली मीटर के तार टूट गए।
पंचायत समिति के कार्यालय की दीवार में दरार आ गई। आसपास के लोग चारों कर्मचारियों को स्थानीय सरकारी अस्पताल ले गए। जहां दो कर्मचारियों को होश आ गया। वहीं दो अन्य को भर्ती कर लिया गया।
उन्हें भी करीब 15 मिनट बाद होश आ गया। करीब डेढ़ घंटे बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। टोंक में बारिश के साथ चने के आकार के ओले भी गिरे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोम देर शाम तक जयपुर और अजमेर संभाग के साथ जोधपुर संभाग के दूसरे जिलों में भी देखने को मिलेगा। जयपुर, अजमेर, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर के अलावा पाली, बाड़मेर के जिलों में भी शाम को बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बारिश शुरू हो सकती है।
श्रीगंगानगर, बीकानेर और जैसलमेर में 25 से 30KM प्रति घंटा की स्पीड से हवा चलनी शुरू हो गई। जैसलमेर में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इसके साथ बादल छा गए। यहां कुछ देर बाद मेघ गर्जना के साथ तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications