संजना जाटव: राजस्थान कांग्रेस की इकलौती महिला सांसद, पुरुषों सांसदों से किस मामले में निकलीं एकदम आगे?
Sanjna Jatav News: राजस्थान में कांग्रेस के सांसदों की फौज में एक चेहरा ऐसा भी है, जो न सिर्फ अलग दिखता है बल्कि कुछ अलग करता भी है। भरतपुर से सांसद संजना जाटव पार्टी की एकमात्र महिला सांसद हैं, लेकिन जब बात जनता की आवाज़ बनने की आती है, तो वे पुरुष सांसदों से कहीं आगे निकलती नजर आती हैं। जहां राजस्थान कांग्रेस के अधिकांश पुरुष सांसद राष्ट्रीय मुद्दों में व्यस्त हैं, वहीं संजना जाटव राज्य सरकार की खामियों पर खुलकर बोल रही हैं।
भरतपुर सांसद संजना जाटव द्वारा राज्य की समस्याओं के जरिए राजस्थान में भाजपा के भजनलाल शर्मा सरकार पर निशाना साधने की एक बानगी इनका सोशल मीडिया अकाउंट पर देखने को मिलती है। संजना जाटव राजस्थान सरकार के कामकाज पर सवाल उठाती हैं। यही बात उन्हें प्रदेश में कांग्रेस के बाकी सांसदों से खास बनाती है।

संजना जाटव का भजनलाल सरकार से सवाल
सांसद संजना जाटव राजस्थान के भजनलाल शर्मा पर उन्हीं के गृह जिले भरतपुर से 'सियासी निशाने' साध रही हैं। विपक्ष का फर्ज निभाते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था व जन समस्याओं पर लगातार आवाज उठा रही हैं।
यह भी पढ़ें- Sanjna Jatav: लोगों के सामने झोली फैलाए नजर आईं भरतपुर सांसद संजना जाटव, देखें Viral Video
एक बानगी देखिए
सांसद संजना जाटव ने 31 मई 2025 को फेसबुक अकाउंट पर लिखा कि राजधानी जयपुर में कभी कलेक्ट्रेट, कभी कॉलेज, स्टेडियम, एयरपोर्ट पर बम की धमकी देना, स्कूलों को धमकी भरे मेल, होटलों को ब्लास्ट की चेतावनी और मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी ये सब क्या राज्य की कानून व्यवस्था की नाकामी नहीं है? हनुमानगढ़ के भद्र में होटल संचालक की सरेआम गोली मारकर हत्या अपराधी इतने बेखौफ कैसे? जब आम नागरिक सुरक्षित नहीं हैं तो ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं।
राजस्थान में कांग्रेस के आठ सांसद
राजस्थान में लोकसभा की 25 सीटों में से कांग्रेस के पास सिर्फ 8 सीट हैं। कांग्रेस सांसदों में संजना जाटव के अलावा बाड़मेर से उम्मेदाराम बेनीवाल, चूरू से राहुल कस्वां, दौसा से मुरारी लाल मीना, श्रीगंगानगर से कुलदीप इंदौरा, करौली-धौलपुर से भजनलाल जाटव, टोंक-सवाईमोधापुर से हरीश चंद्र मीना, झुंझुनूं से बृजेन्द्र सिंह ओला शामिल हैं।
सांसद संजना जाटव का जीवन परिचय
राजस्थान की सबसे युवा संजना जाटव का जन्म 1 मई 1998 को भरतपुर जिले की वैर विधानसभा क्षेत्र के भुसावर कस्बे में हुआ। उनके पिता सीताराम जाटव और माता रेशम देवी के घर हुआ।
संजना की शादी 7 दिसंबर 2016 को अलवर जिले के कठूमर तहसील के समूची गांव निवासी कप्तान सिंह से हुई, जो राजस्थान पुलिस में 2012 से कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। वे फिलहाल ये पत्नी संजना जाटव के पीएसओ भी हैं। संजना की एक बेटी सृष्टि (4 वर्ष) और एक बेटा कार्तिक (6 वर्ष) है।
यह भी पढ़ें- Sanjana jatav: भरतपुर MP संजना जाटव ने बता दिया उन्हें BJP नेताओं से 'कन्यादान' में वोट मिले या नहीं?
शादी के बाद संजना ने पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने गांधी ज्योति कॉलेज, भरतपुर से बीए किया और फिर एलएलबी की डिग्री लॉर्ड्स यूनिवर्सिटी, अलवर से हासिल की। संजना जाटव के बड़े ससुर कमल सिंह कभी सरपंच रह चुके थे और उन्होंने ही संजना को 2021 में जिला परिषद चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया। संजना ने अलवर के वार्ड-29 से जीत दर्ज की और सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
इसके बाद 'भारत जोड़ो यात्रा' और 'मैं भी लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान से जुड़कर उन्होंने कांग्रेस हाईकमान का ध्यान खींचा। भंवर जितेंद्र सिंह के जरिए उनकी मुलाकात राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से हुई। प्रियंका गांधी ने उन्हें "आगे बढ़ाने" की सिफारिश की, जिससे संजना की सियासी जमीन तैयार होने लगी।
साल 2023 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने चार बार के विधायक बाबूलाल बैरवा का टिकट काटकर उन्हें कठूमर से उतारा, हालांकि वे भाजपा के रमेश खींची से मात्र 409 वोटों से हार गईं। इस हार के बाद उनके पिता का मनोबल टूट गया और 9 जनवरी 2024 को उनका निधन हो गया।
फिर भी संजना ने हार नहीं मानी और भरतपुर लोकसभा सीट से 2024 का चुनाव लड़ा। कांग्रेस ने उन्हें टिकट दिया और प्रचार की कमान भंवर जितेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने संभाली। विश्वेन्द्र सिंह ने तो उन्हें अपनी "बेटी" कहकर प्रचार किया, जिससे जाट समुदाय का वोट भी उन्हें मिला।
भरतपुर लोकसभा चुनाव 2024 में संजना जाटव ने 579,890 वोट हासिल किए और भाजपा के रामस्वरूप कोली को 51,983 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ वे राजस्थान की सबसे युवा सांसद बनने के साथ-साथ सबसे कम संपत्ति वाली सांसद भी बनीं। उनकी कुल नेटवर्थ मात्र ₹23,10,193 है।












Click it and Unblock the Notifications