जयपुर में 'पद्मावती' की शूटिंग के दौरान हंगामा, संजय लीला भंसाली को जड़ा थप्पड़
करणी सेना का कहना है कि उन्हें अलाउद्दीन खिलजी और रानी पद्मावती के बीच कथित रूप से फिल्माए जा रहे लव सीन पर आपत्ति है।
जयपुर। फिल्म डायरेक्टर संजय लीला भंसाली से जयपुर में बदसलूकी की गई है। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने भंसाली के साथ धक्का-मुक्की की और शूटिंग के लिए रखे उपकरणों और स्पीकर वगैरह तोड़ दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सेना के एक कार्यकर्ता ने भंसाली को थप्पड़ भी मार दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को काबू में किया। फिलहाल फिल्म की शूटिंग रोक दी गई है। आपको बता दें कि भंसाली अपनी आगामी फिल्म पद्मावती की शूटिंग जयगढ़ फोर्ट में कर रहे हैं।

करणी सेना के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भंसाली की फिल्म में इतिहास से जुड़े तथ्यों से छेड़छाड़ की जा रही है। करणी सेना के कार्यकर्ताओं का कहना है कि फिल्म में रानी पद्मावती की छवि और इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। करणी सेना का कहना है कि उन्हें अलाउद्दीन खिलजी और रानी पद्मावती के बीच कथित रूप से फिल्माए जा रहे लव सीन पर आपत्ति है। खिलजी का किरदार रणवीर सिंह और पद्मावती का किरदार दीपिका पादुकोण निभा रही हैं। पढ़ें- जोधपुर में एक शख्स ने खाना खिलाकर बंदर के साथ की दरिंदगी, वायरल हुआ VIDEO
करणी सेना का कहना है कि रानी पद्मावती ने खिलजी के आक्रमण के बाद महल की अन्य महिलाओं के साथ जौहर कर लिया था। ऐसे में उन्हें खिलजी के सामने खुद को समर्पित करते दिखाना गलत है। करणी सेना ने भंसाली से मांग की है कि फिल्म से इस तरह के दृश्यों को हटाया जाए। उनका कहना है कि यह बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा कि ऐतिहासिक कहानी को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जाए। उल्लेखनीय है कि इसी करणी सेना ने ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय की फिल्म 'जोधा अकबर' का भी विरोध किया था और फिल्म को राजस्थान में बैन करवा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications