Ruma Devi : ग्रामीण छात्रों को 25-25 हजार की छात्रवृत्ति दे रही हैं रूमा देवी, जानिए आवेदन का तरीका
बाड़मेर, 19 अगस्त। झोपड़ी से निकलकर अमेरिका की हार्वर्ड यूनिवर्सिटी तक का सफर तय करने वालीं रूमा देवी अब एक और बेहतरीन कदम उठाने जा रही हैं। राजस्थान के बाड़मेर की रूमा देवी ने अक्षरा छात्रवृत्ति योजना शुरू की है, जिसका मकसद ग्रामीण इलाके की प्रतिभाओं की आर्थिक मदद कर उन्हें आगे बढ़ाना है।

रूमा देवी ने शुरू की अक्षरा छात्रवृत्ति योजना
अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर और सामाजिक कार्यकर्ता रूमा देवी ने 19 अगस्त को अपने फेसबुक पेज पर अक्षरा छात्रवृत्ति योजना से जुड़ी जानकारी शेयर कर बताया कि वे शिक्षा, खेल और कला के क्षेत्र की 50 प्रतिभाओं को हर साल 25-25 हजार रुपए की छात्रवृति देने जा रही हैं। बाड़मेर जिले ग्रामीण क्षेत्र का कोई भी जरूरतमंद छात्र आवेदन कर सकता है।

रूमा देवी का इंटरव्यू
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में रूमा देवी कहती हैं कि बाड़मेर जिले में शिक्षा, कला व खेल के क्षेत्र में अनेक प्रतिभाएं हैं, मगर आर्थिक तंगी उनकी राह में रोड़ा बन रही है। प्रतिभाओं की इसी समस्या का समाधान करने के लिए अक्षरा छात्रवृत्ति योजना शुरू की है।

क्या है रूमा देवी की अक्षरा छात्रवृत्ति योजना?
बता दें कि रूमा देवी फाउंडेशन की ओर से शुरू की गई अक्षरा छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थी के बोर्ड परीक्षाओं के नंबर की बजाय उसकी जरूरत पर फोकस किया गया है। यानी मार्कशीट में नंबर भले ही कम हो, मगर उसे आर्थिक सहयोग की जरूरत है तो वो 25 हजार की छात्रवृत्ति के लिए योग्य है।

अब तक आए दो हजार आवेदन
रूमा देवी बताती हैं कि एक अगस्त से योजना के तहत आवेदन शुरू हो चुके हैं। 31 अगस्त आवेदन की अंतिम तिथि है। अब तक 2 हजार आवेदन आ चुके हैं। पहले योजना के तहत 25 बच्चों को लाभान्वित करना चाहते थे, मगर आवेदन की संख्या व बच्चों का उत्साह देखते हुए लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर 50 कर दी गई है।
अक्षरा छात्रवृत्ति योजना की खास बातें
-ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त
- तीन क्षेत्र- शिक्षा, खेल और कला।
- 50 लाभार्थी (30 सीटें लड़कियों के लिए आरक्षित रहेंगी)
- 25 हजार रुपए प्रति लाभार्थी प्रति वर्ष।

अक्षरा छात्रवृत्ति योजना की शर्तें
-लाभार्थी बाड़मेर जिले के ग्रामीण परिवेश से हो।
-विद्यार्थी के माता-पिता सरकारी नौकरी में ना हो।
-विद्यार्थी के माता-पिता आयकर दाता ना हो।
-विद्यार्थी की पारिवारिक आय 3 लाख रुपए से ज्यादा ना हो।
-विद्यार्थी को सही मायने में कला, खेल या शिक्षा जारी रखने हेतु आर्थिक सहयोग की जरूरत हो।

अक्षरा छात्रवृत्ति योजना में आवेदन का तरीका
1. विद्यार्थी को आवेदन फॉर्म https://www.rumadevifoundation.org/home पर पंजीयन करना होगा।
2. चयनित छात्रों को अभिभावकों के साथ साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
3. अंतिम रूप से चयनित छात्रों की सूची जारी की जाएगी।
कब मिलेंगे 25-25 हजार रुपए?
रूमा देवी फाउंडेशन की अक्षरा छात्रवृत्ति योजना के तहत प्राप्त होने वाले आवेदनों में 60 फीसदी बेटियों के आरक्षण के साथ टॉप 50 आवेदक छांटे जाएंगे। फिर उनके इंटरव्यू लेकर फानइल सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर पात्र विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपए चेक प्रदान किए जाएंगे। यह राशि रूमा देवी निजी तौर पर खर्च कर रही हैं।

कौन हैं रूमा देवी?
बता दें कि रूमा देवी किसी परिचय का मोहताज नहीं हैं। इन्होंने बचपन में बेइंतहा गरीबी देखी। आठवीं तक पढ़ पाई। 17 साल की उम्र में रूमा देवी की शादी बाड़मेर जिले के ही गांव मंगल बेरी निवासी टिकूराम के साथ हुई। इनके एक बेटा लक्षित है। साल 1998 से ये ग्रामीण विकास एवं चेतना संस्थान बाड़मेर (जीवीसीएस) का संचालन कर रही है। यह एनजीओ राजस्थानी हस्तशिल्प जैसे साड़ी, बेडशीट, कुर्ता समेत अन्य कपड़े तैयार करता है। आस-पास के 75 गांवों की 22 हजार महिलाएं इससे रोजगार पा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications