जोधपुर में RSS की तीन दिवसीय समन्वय बैठक शुरू, राष्ट्रीय एकता से लेकर शिक्षा नीति तक पर मंथन
RSS meeting Jodhpur 2025: राजस्थान में जोधपुर के लालसागर स्थित आदर्श डिफेंस एंड स्पोर्ट्स परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तीन दिवसीय समन्वय बैठक शुक्रवार को शुरू हुई। 7 सितंबर तक चलने वाली इस बैठक में देश की मौजूदा परिस्थितियों और विभिन्न राज्यों में सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हो रही है।
बैठक की शुरुआत में जमीनी स्तर पर संघ और उससे जुड़े संगठनों के अनुभव साझा किए गए। इसमें विशेष रूप से पंजाब, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों की परिस्थितियों का आकलन किया गया और वहां चल रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। संघ ने कहा कि आज भी देश में जाति, भाषा, क्षेत्र और पंथ के नाम पर समाज को विभाजित करने की कोशिशें हो रही हैं, जो राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा हैं।

बैठक में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सोदान सिंह, वी सतीश सहित संघ और उससे जुड़े 32 संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। चर्चा का मुख्य केंद्र पंच परिवर्तन (सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली, आत्मनिर्भर व्यवस्था और नागरिक कर्तव्य पालन) रहा। इसके अलावा संघ शताब्दी वर्ष की तैयारियों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने में हो रही प्रगति पर भी विचार किया गया।
इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक स्थल पर पहुंचकर संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। उनके साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और वी सतीश भी मौजूद रहे। बाद में मुख्यमंत्री ने नड्डा से अलग से चर्चा की।
माना जा रहा है कि शनिवार और रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी संघ प्रमुख से मुलाकात कर सकते हैं। शाह की मौजूदगी से इस बैठक का महत्व और बढ़ जाएगा। आरएसएस की यह बैठक न केवल संगठन के भीतर की समीक्षा है, बल्कि आने वाले समय में देश की राजनीतिक और सामाजिक दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications