Rajasthan Board: 10वीं-12वीं में कम आए हैं नंबर या हो गए फेल? सप्लीमेंट्री सहित ये हैं साल बचाने के 3 ऑप्शन
Rajasthan Board Supplementary Scrutiny Exam: राजस्थान बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के नतीजे जारी कर दिए हैं। रिजल्ट के बाद जहां लाखों स्टूडेंट्स की उम्मीदें सच साबित हुई हैं वहीं कई स्टूडेंट्स के माथे पर चिंता की लकीरें भी उभर आई हैं। राजस्थान बोर्ड परीक्षा में बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स ने अच्छे मार्क्स हासिल किए हैं।
पास हुए लाखों स्टूडेंट्स के बीच कुछ ऐसे छात्र भी हैं जिनके नंबर कम आए हैं या फिर एक-दो विषयों में वो पासिंग मार्क्स क्रॉस नहीं कर पाए हैं। ऐसे में स्टूडेंट के साथ-साथ उनके पेरेंट्स भी परेशान हो जाते हैं। अगर आपके या आपके परिवार में किसी स्टूडेंट के साथ भी ऐसा कुछ हुआ है तो घबराने की जरुरत नहीं है।

बोर्ड ने ऐसी स्थिति के लिए पहले से ही कई विकल्प तैयार किए हुए हैं। इन ऑप्शन की मदद से छात्र अपना साल बर्बाद होने से बचा सकते हैं और बिना रुकावट आगे की पढ़ाई जारी रख सकते हैं।
राजस्थान बोर्ड रिजल्ट में नंबर कम लगें तो मौजूद है स्क्रूटनी का विकल्प
राजस्थान बोर्ड 10वीं या 12वीं की परीक्षा में अगर किसी स्टूडेंट को अपने नंबर कम लग रहे हैं या उनके मन में कॉपी चेकिंग को लेकर डाउट है, तो वो स्क्रूटनी के लिए अप्लाई कर सकते हैं। यह प्रोसेस रिजल्ट जारी होने के कुछ दिन बाद शुरू होती है। इसमें बोर्ड केवल नंबर जोड़ने की गलती, अनमैच्ड मार्क्स या टोटल की जांच करता है। इस प्रक्रिया में स्टूडेंट की पूरी कॉपी की दोबारा जांच नहीं की जाती है। इस प्रक्रिया के लिए प्रति विषय करीब 300 रुपये की फीस देनी होती है। स्क्रूटनी के लिए आवेदन ऑनलाइन करना होता है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan Board 12th Result: कब और कहां से मिलेगी 12वीं का ओरिजिनल मार्कशीट? किन चीजों का रखना होगा ध्यान?
RBSE Board: सप्लीमेंट्री परीक्षा से बच सकता है साल
राजस्थान बोर्ड की मैट्रिक या इंटर परीक्षा में जो छात्र एक या दो विषयों में पास नहीं हो पाए हैं, उनके लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा बेहतरीन मौका है। यह एग्जाम आमतौर पर जुलाई या अगस्त में आयोजित की जाती है। सप्लीमेंट्री परीक्षा में पास होने के बाद स्टूडेंट अगली क्लास में एडमिशन ले सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए अपना एक साल बचाने का यह सबसे सही विकल्प है। सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए आवेदन स्कूल के माध्यम से होता है साथ ही ऑनलाइन अप्लाई करने का ऑप्शन भी उपलब्ध है।
राजस्थान बोर्ड परीक्षा में ज्यादा विषयों में फेल होने पर क्या करें
हमने स्क्रूटनी और सप्लीमेंट्री परीक्षा के बारे में तो समझ लिया मगर अब सवाल उठता है कि अगर कोई छात्र तीन या उससे ज्यादा विषयों में फेल हो गया है तब क्या होगा? क्या उस स्टूडेंट को दोबारा एग्जाम देने का मौका मिलेगा या उसे साल रिपीट करना होगा?
आपको बता दें, अगर कोई स्टूडेंट राजस्थान बोर्ड की 10वीं या 12वीं परीक्षा में 3 या उस से ज्यादा सब्जेक्ट में फेल हो गया है तो उसे दोबारा पूरा कोर्स पढ़ना पड़ सकता है। हालांकि, ऐसे स्टूडेंट्स के लिए साल रिपीट करने के अलावा राजस्थान स्टेट ओपन बोर्ड का भी एक विकल्प है। यहां छात्र अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं और बिना साल गंवाए आगे बढ़ सकते हैं।
Rajasthan Board: कहां मिलेगी स्क्रूटनी-सप्लीमेंट्री परीक्षा से जुड़ी पूरी जानकारी?
राजस्थान बोर्ड के सभी स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि वे सभी प्रक्रियाओं और तारीखों की सही जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in है। इसी वेबसाइट पर स्क्रूटनी और सप्लीमेंट्री परीक्षा से जुड़ी सभी अपडेट शेयर की जाती है।
बता दें, राजस्थान बोर्ड ने 10वीं का रिजल्ट 24 मार्च को जारी किया गया था, जबकि 12वीं के नतीजे 31 मार्च को घोषित किए गए। 10वीं में इस बार कुल पास प्रतिशत 94.23% रहा। जिन छात्रों के एक या दो विषयों में नंबर कम आए हैं या वे फेल हुए हैं, उनके लिए आगे के विकल्प खुले हैं।
ये भी पढ़ें: RBSE Topper: रिजल्ट से 10 दिन पहले थम गईं निकिता की सांसें, 12वीं की मार्कशीट में चमकता रह गया 93.88%












Click it and Unblock the Notifications