Rajasthan Winter: राजस्थान में 3 दिन बाद सर्दी के तेवर होंगे तीखे, इन जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट
Rajasthan Winter: राजस्थान में अब सर्दी के तेवर तीखे होने वाले हैं। नए साल 2025 पर हांड कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ सकता है। पश्चिम विक्षोभ के चलते राजस्थान में मौसम का नया तंत्र बना है, जिससे सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है। साथ ही प्रदेश के 27 जिलों में बारिश के साथ ओले पड़ने के आसार हैं।
राजस्थान में गिरेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग जयपुर के अनुसार राजस्थान में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे जबकि शुक्रवार को पश्चिम विक्षोभ असर दिखाएगा। इससे मौसम का मिजाज बदलना तय है। 27 जिलों में मेघगर्जना के साथ ओले गिर सकते। बारिश व ओले के चलते प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी और सर्दी का असर बढ़ेगा।

राजस्थान में कब-कहां बारिश-ओले?
राजस्थान में 26 दिसंबर को उदयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर, जयपुर संभाग में बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है। 27 दिसंबर को राजस्थान के अधिकांश जिलों में तेज मेघगर्जना, बारिश और ओले गिरने का अनुमान है। 28 दिसंबर को भरतपुर, कोटा संभाग में हल्की बारिश हो सकती है। 29 दिसंबर को राजस्थान का मौसम शुष्क रह सकता है। इसके बाद बाद कहीं-कहीं पर घना कोहरा छाए रहने की संभवना जताई जा रही है।
राजस्थान में फसलों को क्या नुकसान?
दैनिक भास्कर में छपी खबर के अनुसार किसान संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रल्हाद धाकड़ ने बताया कि मौसम का मिजाज बिगड़ने का असर फसलों पर पड़ रहा है। कोहरा व बादल छाए रहने से राजस्थान में सबसे ज्यादा नुकसान धनिया जैसी फसलों को है। धनिया में बाकडिया रोग लगने की आशंका बनी हुई है।
राजस्थान में सबसे ठंडा रहा फतेहपुर
मौसम विभाग जयपुर का 26 दिसंबर का अपडेट है कि पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा शहर फतेहपुर रहा है। सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, डूंगरपुर में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, जो सबसे ज्यादा है। पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं पर शीत लहर चल सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications