Weather News: इस बार क्यों नहीं पड़ रही कड़ाके की ठंड, जान लो राजस्थान-दिल्ली से लेकर पहाड़ों तक का अपडेट
Weather Forecast 2024-2025: दिल्ली की सर्दी...। इस बार कहीं खो सी गई। 6 दिसंबर आ गया, मगर अभी तक दिल्ली कड़ाके की ठंड की चपेट में नहीं आई है। यहीं हाल राजस्थान समेत दिल्ली से लगते अन्य राज्यों के हैं। पहाड़ों से भी बर्फबारी की तस्वीरें नहीं आ रहीं। आलम यह है दिन में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड बना रहा। 4 दिसंबर बुधवार ही दिल्ली में बीते 16 साल में सबसे गर्म दिन रहा है।
उत्तर भारत में दिल्ली समेत अन्य जगहों पर अभी सर्दी धीरे-धीरे पांव पसार रही। गति पिछले सालों की तुलना में धीमी है। ऐसे में मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि शीत ऋतु 2024-2025 में उतनी सर्दी नहीं पड़ने वाली जितनी अन्य सालों में पड़ी है। इस बार नश्तर चुभती सर्दी का असर चंद दिनों ही रह सकता है।

वनइंडिया हिंदी से बातचीत में मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि साल 2024 में अभी तक सर्दी के तेवर तीखे नहीं होने की कई वजह हैं, जिनमें वैश्विक परिसंचरण (global circulation) है। माने वायुमंडल ऊपरी हवाओं का रुख, हिंद और प्रशांत महासागर में पानी की स्थिति समेत कई कारण सर्दी के कम-ज्यादा पड़ने के जिम्मेदार होते हैं।
शर्मा कहते हैं कि साल 2024-2025 में उत्तर भारत के तमाम राज्यों में सर्दी सामान्य से कम रहने वाली है। हालांकि 10 दिसंबर के बाद से पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे सर्दी का असर बढ़ेगा, मगर पिछले कई सालों की तुलना में कम ही रहेगा। इस बार सर्दी सामान्य से कम व अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने वाला है।
मौसम विभाग की ओर से जारी 2 दिसंबर के बुलेटिन में भी कहा गया है कि सर्दियों में इस बार प्रायद्वीपीय को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 के दौरान देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य पूर्व और उत्तर-पूर्व के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से नीचे शीत लहर वाले दिन रहने संभावना है।
मौसम विभाग पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली में सितंबर की शुरुआत से ही मौसम शुष्क बना हुआ है। इस बार मानसून की विदाई के बाद से अब तक यहां बारिश भी नहीं हुई है। अक्टूबर से दिसंबर के दौरान आमतौर पर बारिश काफी कम होती है। लेकिन ठंड बढ़ाने के लिए यह काफी अहम होती है। इस साल 8 दिसंबर तक तापमान 26 डिग्री के ऊपर बने रहने के आसार है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 या 27 डिग्री रह सकता है।












Click it and Unblock the Notifications