Rajasthan Weather: ओलावृष्टि से फसल बर्बाद हुई तो इस किसान ने दे दी जान, राजस्थान का पहला मामला
इन दिनों राजस्थान के मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि व आंधी से किसानों के अरमानों पर पानी फिर गया। फसल बर्बाद होने पर बूंदी में एक किसान ने आत्महत्या कर ली।
Rajasthan Weather Today: राजस्थान में इस समय फसल पककर तैयार हो चुकी है। बारिश व ओलों से फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। इसी के कारण सदमे में आकर बूंदी जिले के तालेड़ा पुलिस थाना इलाके के गांव बाजड निवासी पृथ्वीराज बेरवा ने जहर खाकर जान दे दी। उस पर करीब आठ लाख का कर्ज था, जिसे उसने इस बार अच्छी पैदावार होने पर चुकाने की योजना बना रखी थी।

सांसद ओम बिरला ने किया खेतों का दौरा
कोटा-बूंदी सांसद व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला संसदीय क्षेत्र के तालेड़ा इलाके के गांव बरुंधन व अलकोदिया पहुंचकर फसल खराबे का जायजा लिया है। सांसद बिरला ने अपने ट्विटर हैंडल पर तस्वीरें शेयर करके लिखा कि उन्होंने खेतों में जाकर नुकसान का जायजा लिया और किसानों को भरोसा दिलाया कि संकट की घड़ी में वे उनके साथ हैं। अधिकारियों को जल्द जल्द से फसल खराबे का सर्वे करवाकर किसानों को मुआवजा दिलवाने को कहा है।

बेटे की शादी के लिए भी ले रखा था कर्ज
बूंदी के किसान पृथ्वीराज के परिजनों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उसने तीन बीघा में गेहूं की फसल बो रखी थी। फसल कटाई की तैयारी चल रही थी। इस बीच बीते तीन दिन से मौसम बदल गया और बारिश व ओलों से पृथ्वीराज की पूरी फसल चौपट हो गई। वह सदमा झेल नहीं पाया और कीटनाशक पीकर जान दे दी। उसने बेटे की शादी के लिए भी लोगों से कर्ज ले रखा था। बूंदी जिले की तालेड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जयपुर के ग्रामीणों इलाकों में गिरे ओले
इधर, जयपुर व दौसा के ग्रामीणों इलाकों में भी रविवार दोपहर खब ओले गिरे। जयपुर जिले में चौमूं के आस-पास के गांवों में खेतों से लेकर सड़कों पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई। आंधी से फसल खेत में पसर गई। बेमौसम बारिश में आसमान के साथ-साथ किसानों की आंखों से भी पानी बरसा। फसल खराबे का मुद्दा सोमवार को राजस्थान विधानसभा में भी उठेगा। आपदा एवं राहत मंत्री सरकार का पक्ष रखेंगे।

अब कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण बेमौसम हुई है। ओले गिरे हैं। अब 20 मार्च को अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, जयपुर व कोटा संभाग के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश व ओलों का दौर चल सकता है। 21-22 मार्च को कुछ राहत मिल सकती है जबकि 23 मार्च फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर के कारण 23-24 मार्च को दुबारा से बारिश, आंधी व ओले गिर सकते हैं। उधर, सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में बेमौसम बारिश व ओलों से किसान काफी परेशान हैं। सरकार फसलों के नुकसान का आंकलन करवा रही है। गिरदावरी के निर्देश दिए जा चुके हैं।
Rajasthan Hailstorm: खेत से सड़कों पर बिछ गई ओलों की सफेद चादर












Click it and Unblock the Notifications