राजस्थान: मनरेगा कार्यस्थल पर हादसा, एक साथ तीन महिला श्रमिकों की मौत
नागौर। राजस्थान के नागौर जिले के नावां उपखंड क्षेत्र के बावड़ी गांव में मनरेगा कार्य के दौरान तलाई में डूबने से दो महिलाओं व एक युवती की मौत हो गई। हादसे की चपेट में मेट गजानन्द सहित एक अन्य महिला श्रमिक बाल-बाल बच पाए हैं। उनकी स्थिति गंभीर है। उन्हें मारोठ के सीएचसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसडीएम ब्रह्मलाल ने बताया कि मनरेगा कार्य सम्पन्न होने के बाद महिला श्रमिक रतनी फावड़ा धोने के लिए पानी में उतरी। इस दौरान चिकनी मिट्टी में फंसकर डूबने लगी तो दूसरी महिला श्रमिक फूली देवी, सुरज्ञान और चंदा के साथ मेट गजानन्द ने उसे बचाने का प्रयास किया।
Recommended Video

इस प्रक्रिया में एक के बाद एक करके 5 लोग पानी में डूब गए, जिनमें से तीन श्रमिकों रतनी देवी, सुरज्ञान और फूली की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मारोठ थाना एसएचओ दिलीप सहल मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे तथा एडीएम प्रभाती लाल नावां एसडीएम ब्रम्हालाल जाट, तहसीलदार गुरुप्रसाद तंवर आदि को सूचना दी। इस पर अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा घटना स्थल का जायजा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई। स्थानीय निवासियों ने मृतकों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए मृतक श्रमिकों के परिवारों को यथासम्भव मदद मुहैया कराने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications