राजस्थान में 92 फीसदी ज्यादा बारिश: बीसलपुर बांध जुलाई में पहली बार ओवरफ्लो, गेट खोलना पड़ा
Rajasthan Rainfall Bisalpur Dam: राजस्थान में मानसून 2025 ने रिकॉर्ड तोड़ बारिश की है। इस 'मूसलाधार' सीजन से अब तक प्रदेश में औसत से 92 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसका सबसे बड़ा असर बीसलपुर बांध पर भी पड़ा है, जो जुलाई माह में ही पूरा भर गया है। इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि जुलाई माह में ही बीसलपुर बांध का एक गेट खोलना पड़ा है, जबकि मानसून समाप्त होने में अभी लगभग सवा 2 महीने शेष हैं।
बीसलपुर बांध कहां है?
राजस्थान के टोंक जिले में स्थित बीसलपुर बांध की क्षमता 314.50 आरएल मीटर है। यह सौ फीसदी भर चुका है। अब तक 109.08 करोड़ क्यूबिक मीटर पानी की आवक हुई है। ऐसे में शाम को 5 बजे बांध के स्काडा सिस्टम कंट्रोल रूम पर पूजा अर्चना के बाद कंप्यूटर का बटन दबाकर बीसलपुर बांध का गेट नंबर 10 एक मीटर खोला गया, जिससे प्रति सेकंड छह हजार क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है।

बीसलपुर बांध से किन जिलों में जलापूर्ति?
जयपुर, टोंक और अजमेर जिले के करीब एक करोड़ लोगों की प्यास बुझाने वाले बीसलपुर बांध से 1100 एमएलडी पानी की रोजाना आपूर्ति की जा रही है। बीसलपुर बांध का कैचमेंट एरिया छह जिलों, टोंक, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ में फैला हुआ है।
बीसलपुर बांध के गेट कब-कब खोलने पड़े?
ऐसा नहीं है कि बीसलपुर बांध का गेट सिर्फ साल 2025 में पहली बार खोला गया है। इससे पहले बीते 29 साल में बीसलपुर बांध के गेट सात बार खोले जा चुके हैं, जो 2004, 2006, 2014, 2016, 2019, 2022, 2024 में खोले गए थे। खास बात है उस समय बांध अगस्त या सितंबर में पूरा भरा था, मगर साल 2025 में पहली बार जुलाई में ही भर गया और एक गेट भी खोलना पड़ गया।
बीसलपुर बांध पर राजस्थान सीएम क्या बोले?
राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि 'प्रकृति की कृपा, प्रदेश में खुशहाली की वर्षा। श्री गिरिराज जी महाराज की अनुपम कृपा से पवित्र सावन महीने में बीसलपुर बांध का पूर्ण रूप से भरना अत्यंत हर्ष का विषय है। यह पहली बार है जब जुलाई माह में पूर्ण विधि-विधान के साथ बीसलपुर बांध का गेट खोला गया है।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि 'वंदे गंगा: जल संरक्षण-जन अभियान' के सुखद परिणामों से प्रदेशभर में जल की प्रचुरता हमारे किसान भाइयों, पशुपालकों एवं आमजन के जीवन में नवचेतना, समृद्धि और संभावनाओं की नई राह प्रशस्त करेगी।
नवनेरा बांध भी हो गया लबालब, गेट खोलना पड़ा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी दूसरी सोशल मीडिया पोस्ट में नवनेरा बाँध का जिक्र किया और लिखा कि ''भगवान श्री गिरिराज जी की कृपा से कोटा जिले के इटावा में स्थित नवनेरा बाँध के गेट विधिवत पूजा-अर्चना के बाद खोले गए हैं। राम जल सेतु लिंक परियोजना (ERCP) में सम्मिलित नवनेरा बांध का छलकना आसपास के क्षेत्र के लाखों निवासियों के लिए जलापूर्ति के साथ ही कृषि कार्यों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।''
राजस्थान मानसून अपडेट, अब तब 92 फीसदी अधिक बारिश
वनइंडिया हिंदी से बातचीत में मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राजस्थान में मानसून सितंबर के अंत तक सक्रिय रहता है। इस बार 25 जुलाई 2025 तक पूरे राजस्थान में कुल 348 एमएम बारिश हो चुकी है जबकि इस समय तक 189 एमएम बारिश का अनुमान रहता है।
26 जुलाई से फिर जोरदार बारिश
राधेश्याम शर्मा के अनुसार 26 जुलाई से राजस्थान में मानसून एक बार फिर से सक्रिय होने वाला है। यह सिलसिला 30 जुलाई तक जारी रह सकता है। 26 को पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 27-28 जुलाई के बीच राजस्थान के दक्षिणी-पूर्वी भाग में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications