Rajasthan Rain: सवाई माधोपुर में बाढ़ जैसे हालात, श्योपुर से संपर्क टूटा, रेलवे स्टेशन डूबा, देखें VIDEO
Rajasthan Rain: राजस्थान में सावन झूमकर बरस रहा है। मंगलवार रात और बुधवार दिन में प्रदेश के हिस्सों में जोरदार बारिश हुई है, जिसकी वजह से सवाई माधोपुर का श्योपुर से सम्पर्क टूट गया और स्थानीय रेलवे स्टेशन भी जलमग्न हो चुका है। सीकर, चूरू और झुंझुनूं में सुबह से ही तेज बारिश जारी रही।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सवाई माधोपुर के वीडियो में बाढ़ जैसे हालात नजर आ रहे हैं। सवाई माधोपुर से श्योपुर मार्ग पर बोड़ल पुलिया दो हिस्सों में बंट गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ऐसा ही पिछले दिनों झुंझुनूं में काटली नदी सड़क को बहा ले गई थी। सवाई माधोपुर का रेलवे स्टेशन भी पानी में डूब गया है।

राजस्थान में स्कूलों की छुट्टी
झालावाड़ स्कूल हादसे और कई जिलों में भारी बारिश के चलते बुधवार को स्कूलों में अवकाश रहा। डीग, अजमेर, उदयपुर, कोटा, टोंक, भीलवाड़ा, अलवर, तिजारा-खैरथल, बांसवाड़ा, धौलपुर, झालावाड़, बारां, और अजमेर में स्कूलों की छुट्टी रही।
राजस्थान बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान के कई जिलों में मानसून अभी भी सक्रिय है। ऐसे में भरतपुर, धौलपुर और करौली जिले के लिए मौसम विभाग ने बुधवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा कोटा, सवाई माधोपुर, बारां, दौसा और अलवर के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
14 जिलों में बारिश का कोटा पूरा
मानसून 2025 के सीजन में राजस्थान के अधिकांश जिलों में जोरदार बारिश हुई है। 14 जिलों में तो औसत बारिश का कोटा भी पूरा हो चुका है जबकि अगस्त और सितंबर की बारिश अभी बाकी है।अब तक 27 जिलों में सामान्य और 14 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications