Rajasthan: भारत-पाक सीमा पर पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, फौजियों की आराध्य देवी के दर्शन किए
राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जैसलमेर दौरे पर हैं। सीएम ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित तनोट माता मंदिर में दर्शन किए।
स्वतंत्रता दिवस 2024 से एक दिन पहले राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भारत-पाकिस्तान सीमा पर पहुंचे हैं। बॉर्डर पर सीएम ने फौजियों की आराध्य देवी के मंदिर में धोक लगाई है।

दरअसल, राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा जैसलमेर दौरे पर हैं। बुधवार को जैसलमेर में आगमन पर जिला प्रमुख प्रताप सिंह व अन्य ने सीएम का स्वागत किया।
सुबह मुख्यमंत्री भारत-पाकिस्तान पर स्थित तनोट माता मंदिर पहुंचे। तनोट माता को फौजियों वाली देवी भी कहा जाता है। मंदिर में दर्शन के बाद सीएम बॉर्डर इलाके में पहुंचकर सीमा प्रहरियोंसे मुलाकात करेंगे।

सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'स्वर्ण नगरी जैसलमेर आगमन पर एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, देवतुल्य कार्यकर्ताओं व जनता जनार्दन द्वारा किए आत्मीय स्वागत से हृदय अत्यंत प्रफुल्लित है।
आप सभी के अपार स्नेह, सम्मान एवं आदरभाव के लिए, मैं अत्यंत कृतज्ञता के साथ आप सबका हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ।'
राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा कि यह तिरंगा यूँ नहीं लहराता...इसमें अनगिनत शहीदों की साँसें समाहित हैं। आज स्वर्ण नगरी जैसलमेर में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में सहभागिता सुनिश्चित की।
आइए, हम सभी इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सम्मिलित होकर स्वतंत्रता का उत्सव मनाने के साथ-साथ उन वीर बलिदानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करें जिन्होंने माँ भारती की स्वाधीनता हेतु फाँसी के फंदे को गले लगाया तथा मातृभूमि की रक्षा हेतु सीमा पर अपने प्राणों की आहुति दी। जय हिंद, भारत माता की जय!!
उधर, जैसलमेर के अलावा सीएम भजनलाल शर्मा ने चूरू जिले के सालासर बालाजी धाम के 270वें स्थापना दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। बॉर्डर पर महिला सुरक्षाकर्मियों ने सीएम भजनलाल शर्मा को रक्षासूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की।












Click it and Unblock the Notifications