राजस्थान उपचुनाव: कांग्रेस ने की 3 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा, सहाड़ा से गायत्री देवी पर लगाया दांव
जयपुर। राजस्थान में विधानसभा की 3 सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इन सीटों पर चुनाव आयोग द्वारा पूरी तैयारी कर ली गई है। शनिवार को कांग्रेस ने इन तीन सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। राजस्थान उपचुनाव में तीनों सीटों पर 17 अप्रैल को मतदान होगा। दो मई को मतों की गणना की जाएगी। इस चुनाव को गहलोत सरकार के लिए 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले इन्हें सेमीफाइनल के तौर पर भी देखा जा रहा है।

कांग्रेस ने शनिवार को सुजानगढ़ (आरक्षित) से मनोज कुमार मेघवाल को, राजसमंद से तनसुख बोहरा को और सहाड़ा से गायत्री देवी को उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। राजसमंद सीट से बीजेपी ने किरण माहेश्वरी को बेटी दीप्ति माहेश्वरी को उतारा है। सहाड़ा से पूर्व विधायक और बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष डॉ रतनलाल जाट को उतारा है।
वहीं सुजानगढ़ से बीजेपी ने पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल को प्रत्याशी बनाया है। खेमाराम वसुंधरा राजे के पहले कार्यकाल में मंत्री रहे हैं और उनके करीबी माने जाते हैं। बता दें इन तीन सीटों में दो कांग्रेस के पास थी, जबकि एक बीजेपी के पास थी। भीलवाड़ा जिले की सहाड़ा सीट कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी और चूरू जिले के सुजानगढ़ की सीट कांग्रेस विधायक मास्टर भंवरलाल मेघवाल और राजसमंद की सीट भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी के निधन के कारण खाली हुई हैं।
सुजानगढ़ से मास्टर भंवरलाल मेघवाल के बेटे मनोज को पार्टी ने टिकट दिया है। सहाड़ा विधानसभा सीट पर कांग्रेस के विधायक रहे कैलाश त्रिवेदी के भाई राजेंद्र त्रिवेदी और बेटे रणबीर त्रिवेदी को टिकट देने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन पार्टी ने गायत्री देवी को टिकट दिया है। कांग्रेस के तीनों प्रत्याशी एकसाथ ही 30 मार्च को नामांकन दाखिल करने के लिए जाएंगे। वहीं इनके चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी अजय माकन, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications