राजस्थान: दूल्हा-दुल्हन ने कन्यादान में मिले 1 लाख 21 हजार रुपए खेल मैदान के लिए दान किए
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव भोड़की में मंगलवार को हुई शादी में दूल्हा-दुल्हन ने कन्यादान में मिले एक लाख 21 हजार रुपए गांव में खेल मैदान के विकास के लिए सौंप दिए। दूल्हा-दुल्हन इस फैसले की हर तरफ तारीफ हो रही है।
जानकारी के अनुसार भोड़की गांव के राजकुमार सैनी की बेटी पूजा की शादी 28 नवंबर को हुई। बारात नवलगढ़ उपखंड के गांव दुर्जनपुरा से आई। शादी में कुल एक लाख रुपए का कन्यादान आया।

दूल्हा संदीप सैनी व दुल्हन पूजा के परिजनों ने आपस में चर्चा करके 21 हजार रुपए कन्यादान में अपनी तरफ से मिलाए और फिर एक लाख 21 हजार रुपए भोड़की गांव के स्टेडियम विकास के लिए भेंट किए।
दरअसल, इन दिनों राजस्थान में शादियों का सीजन चल रहा है। नागौर की तरफ एक करोड़ रुपए से भी ज्यादा मायरा भरा गया है। सब जगह कन्यादान की राशि वर पक्ष को सौंपने या उस राशि से दुल्हन के नाम एफडी करवाने का प्रचलन है।
इस मामले में गांव भोड़की में जयपुर विद्युत वितरण निगम में कार्यरत दूल्हे संदीप व बैंक में कार्यरत पूजा और उनके परिजनों ने अनूठी पहल की है। वधू के पिता राजकुमार सैनी, वर के पिता प्रकाश सैनी, दादा रामेश्वर लाल सैनी, ढाका की ढाणी की सरपंच सुमन सैनी, सरपंच प्रतिनिधि प्रमोद सैनी, भरत सैनी की प्रेरणा से दूल्हा-दुल्न ने यह राशि भोड़की गांव में खेल मैदान के विकास हेतु ग्राम एकीकृत स्टेडियम विकास समिति के संरक्षक गिरधारी लाल गुप्ता को प्रदान की।












Click it and Unblock the Notifications