फेसबुक विवाद पर दलितों ने दर्ज कराया SC/ST केस, पंचायत ने 70 परिवारों का हुक्का पानी किया बंद
बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर में एक गांव के 70 दलित परिवारों का हुक्का पानी बंद कर दिया गया है। इन दलित परिवारों को गांव से पूर्ण रूप से बहिष्कृत कर दिया गया है। हुक्का पानी बंद करने के पीछे जो कारण बताया जा रहा है उसके मुताबिक फेसबुक में दलित और सवर्णों के बीच किसी बात को लेकर मतभेद हुए थे जिसके बाद कुछ दलितों की तरफ से एक दर्जन लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया गया था। इससे बात और बिगड़ गई और पंचायत के लोगों ने पंचायत बुलाई जिसके फैसले में करीब 70 दलित परिवारों का हुक्का पानी बन्द कर दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 7 दिनों से इन परिवारों का पीने का पानी और दुकानों से राशन खरीदने तक पर पाबंदी लगाई हुई है। यही नहीं इन परिवारों के बच्चों को भी स्कूल जाने में पाबंदी है। पुलिस के पहरे में बच्चे स्कूल भेजे जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ गांव के राजपुरोहित समाज का आरोप है कि उनको बेवजह बदनाम किया जा रहा है।
कालूड़ी गांव बाड़मेर जिला मुख्यालय से करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां बिगड़े माहौल को देखते हुए पुलिस ने बड़ी पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। दलित परिवारों का कहना है कि पिछले 7 दिनों से हम घरों के अंदर रहने को मजबूर हैं। अब गांव में पुलिस लगाई है तो हमारे बच्चे स्कूल गए हैं।
एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद से राजपुरोहित समाज के सैकड़ों लोगों में गुस्सा व्याप्त है। सड़कों पर उतरे राजपुरोहित समाज के लोगों ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। इस समाज के लोगों ने एससी एसटी एक्ट के तहत दरिज किए गए मामले को फर्जी बताया है।












Click it and Unblock the Notifications