ढाई घंटे मौत के मुंह में रही कमला देवी, लोगों ने 3 मंजिला मकान को जैक से 5 फीट ऊपर उठा बचाई जान
भीलवाड़ा में मकान के नीचे दबी महिला कमला को बाहर निकालने के लिए जैक से मकान पांच फीट ऊपर उठाया
भीलवाड़ा, 27 जुलाई। पूरे राजस्थान में इन दिनों जोरदार बारिश हो रही है। भीलवाड़ा शहर सहित जिले भर में गत दो दिनों से जारी बारिश आफत बन रही है। बारिश के कारण मंगलवार दोपहर भीलवाड़ा के आजाद नगर में तीन मंजिला मकान चंद मिनटों में जोरदार धमाके के साथ धराशायी हो गया। मलबे में एक वृद्ध महिला दब गई, जिसे एसडीआरएफ टीम व परिजनों ने ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

तीन मंजिला मकान मंगलवार दोपहर अचानक भर भराकर गिर गया
भीलवाड़ा प्रताप नगर पुलिस ने बताया कि आजाद नगर में सुरेश पुत्र मांगीलाल शर्मा का तीन मंजिला मकान मंगलवार दोपहर अचानक भर भराकर गिर गया। इस दौरान मकान में सुरेश शर्मा की 60 साल की पत्नी कमला देवी अकेली थी, जो मलबे में दब गई। धमाके के साथ अचानक भर भराकर गिरे मकान से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया
लोगों ने बचाव के लिए प्रयास शुरू करते हुए पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। इस पर कलेक्टर आशीष मोदी, एसपी आदर्श सिद्धू, एडीएम, एसडीएम, एएसपी, डीएसपी, नगर परिषद के साथ ही एसडीआरएफ की टीम व प्रताप नगर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

मकान के नीचे चार जैक लगाए गए
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मकान के नीचे चार जैक लगाए गए, जिससे मकान करीब पांच ऊपर उठ गया। कमला मकान में सीढि़यों के पास फंस हुई थी। मकान के ऊपर उठने के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस मकान का काम ढाई साल से चल रहा है। इनका परिवार पास की किराए के मकान में रहता है। कमला को मौत के मुंह से बाहर निकालने की चर्चा पूरे भीलवाड़ा में होती रही।

महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया
एसडीआरएफ टीम ने दो घंटे के प्रयासों के बाद महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया। इससे पूर्व राहत कार्य के दौरान एसडीआरएफ टीम ने महिला से लगातार संवाद बनाए रखा। मलबे में दबी कमला देवी को एसडीआरएफ की टीम द्वारा सकुशल बाहर निकालने पर परिजनों सहित मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

मलबे से निकाली गई महिला को एमजी हॉस्पिटल ले जाया गया
मलबे से निकाली गई महिला को सुरक्षा कारणों के चलते एमजी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका स्वस्थ्य परीक्षण किया गया। हादसे के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। मौके पर नेताओ और जनप्रतिनिधियों का भी जमावड़ा लग गया, जिसके कारण राहत कार्य में प्रशासन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
{document1}












Click it and Unblock the Notifications