राजस्थान: श्रीगंगानगर में महिला से गैंगरेप, 3 BSF जवान समेत 5 लोग गिरफ्तार
राजस्थान में एक और शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां श्रीगंगानगर जिले में एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ। इस घटना में शामिल 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसमें तीन बीएसएफ के जवान हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ ने भी तुरंत तीनों को पुलिस को हैंडओवर कर दिया। साथ ही इस मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात को रायसिंह नगर पुलिस स्टेशन में एक महिला पहुंची थी, जिसने अपने साथ बलात्कार होने की बात कही। पुलिस ने भी तुरंत मामला दर्ज कर उसका मेडिकल टेस्ट करवाया और सबूत इकट्ठा किए। वहीं मजिस्ट्रेट के सामने महिला का बयान दर्ज कराने के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में श्रीगंगानगर के एसपी आनंद शर्मा ने कहा कि आरोपियों में स्थानीय बटालियन में तैनात बीएसएफ के एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल शामिल हैं। महिला ने अपने बयान में बताया था कि उसके परिचत लोग सामान खरीदने के बहाने उसे एक सूनसान जगह पर लेकर गए। वहां पर बीएसएफ का एक जवान पहले से मौजूद था। उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने दो अन्य जवानों समेत तीन को बुलाया। उन्होंने भी उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।
एसपी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला सही पाया गया, ऐसे में तुरंत महिला का मेडिकल करवाकर सबूत इकट्ठा कर लिए गए। इस मामले में सभी पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बीएसएफ के उच्च अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी थी। वो इस मामले में पूरा सहयोग कर रहे हैं। बीएसएफ परिसर में पुलिस टीम गई थी, वहां पर अधिकारियों ने तीनों आरोपियों को उन्हें सौंप दिया।












Click it and Unblock the Notifications