Rajasthan News: उदयपुर में बोले ओम माथुर, कहा-'राज्यपाल की भूमिका केंद्र और राज्य के मध्य सेतु जैसी'
Rajasthan News: सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर इन दिनों उदयपुर के दौरे पर हैं। उदयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान ओम माथुर ने केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सेतु के रूप में राज्यपाल की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का दायित्व क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देते हुए नागरिकों की खुशहाली और समृद्धि को बढ़ाना है।
राज्यपाल माथुर ने रविवार शाम उदयपुर के सुखाड़िया रंगमंच पर सर्व समाज सिरमौर सम्मान समारोह समिति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में अपने विचार साझा किए। उन्होंने अपनी भूमिका को लेकर कहा कि मैंने एक कार्यकर्ता के रूप में काम करना शुरू किया था और मैं अभी भी एक कार्यकर्ता की भूमिका में हूं।

राज्यपाल ओम माथुर ने कहा कि उन्हें जो सम्मान मिला है। वह सिर्फ उनके लिए नहीं बल्कि उनके समर्थकों और साथियों की भावनाओं का सम्मान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में भी इसी मानसिकता के साथ काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह मेरा सम्मान नहीं है। यह मेरे चाहने वालों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान है।
उदयपुर के महापौर गोविंद सिंह टांक ने उदयपुरवासियों की ओर से माथुर का हार्दिक स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता उदयपुर विधायक ताराचंद जैन ने की। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा सरकार के सूचना आयुक्त प्रदीप सिंह शेखावत ने राज्यपाल माथुर के एक कार्यकर्ता से लेकर वर्तमान पद तक के सफर पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान भंवरलाल शर्मा ने माथुर को दिया गया अभिनंदन पत्र पढ़ा।
कार्यक्रम का समन्वयन राजकुमार फत्तावत ने किया। जबकि मोहब्बत सिंह रूपाखेड़ी ने आभार व्यक्त किया।समारोह में भावपूर्ण भाषणों और माथुर के योगदान और समर्पण पर विचार-विमर्श किया गया।












Click it and Unblock the Notifications