नीरज हत्याकांड : बेटा पैदा होने के ढाई माह बाद हैदराबाद में एक प्रेम कहानी का हुआ दर्दनाक अंत
नागौर, 23 मई। राजस्थान के नागौर मूल के युवक नीरज की हैदराबाद में हत्या के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियो से पूछताछ में नीरज हत्याकांड के कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

प्लानिंग करके की नीरज की हत्या
सालभर तक डेट, फिर घरवालों के खिलाफ जाकर लव मैरिज और उसके बाद जान बचाते फिरना। ढाई माह पहले बेटा जन्मा तो नीरज पंवार उर्फ बंटी (22) व उसकी पत्नी संजना यादव ने घर आना-जाना शुरू कर दिया था। यहीं बात संजना के भाइयों को नागवार गुजरी और प्लानिंग करके दो दिन पहले चाकू से हमला कर नीरज की हत्या कर डाली।

इंटरकास्ट मैरिज के खिलाफ थे परिजन
बता दें कि नीरज और संजना हैदराबाद के बेगम बाज़ार स्थित इलाके कोलसावाड़ी में ही रहते थे। दोनों एक-दूसरे को प्यार करते थे। करीब एक एक-डेढ़ साल अफेयर के बाद दोनों शादी करना चाहते थे। इसके लिए दोनों ने अपने-अपने परिजनों से रजामंदी भी मांगी, लेकिन संजना के परिजन इससे नाराज हो गए और दोनों की इंटरकास्ट शादी से साफ इंकार कर दिया।

छह युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
हैदराबाद सिटी वेस्ट जोन के पुलिस उपायुक्त जोइल डेविस ने बताया कि शुक्रवार रात बेगम बाजार स्थित मछली मार्केट यादगिरी इलाके में नीरज की हत्या की वारदात को छह युवकों ने अंजाम दिया था। हत्याकांड में शामिल 6 आरोपियों में से एक नाबालिग को पकड़ने के अलावा के. विजय यादव (22), हैदराबाद, के. संजय यादव (25) और बी. रोहित यादव (18) को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी अभिनंदन व महेश फरार
दो अन्य आरोपी अभिनंदन यादव उर्फ नंदन (26) व महेश अहीर यादव उर्फ गोटिया (21) अभी फरार हैं। नंदन नीरज की पत्नी संजना के ताऊ का बेटा है तो विजय और संजय भी रिश्ते में उसके भाई लगते हैं। फरार आरोपियों की तलाश में टीम रवाना की गई हैं। नीरज के परिवार लंबे समय से व्यापार के सिलसिले में हैदराबाद रह रहा है।

13 अप्रैल को मंदिर में की शादी
परिजनों की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज करने के लिए नीरज और संजना घर से भाग गए और 13 अप्रैल 2021 को शमशीरगंज स्थित सांई बाबा देवस्थान में दोनों ने गणेश मंदिर के सामने शादी कर ली। उस समय नीरज और संजना ने जान का खतरा बताते हुए अफजलगंज पुलिस स्टेशन में कंपलेंट भी की थी। ढाई माह पहले बेटा जन्मा तो नीरज और संजना ने घर आना-जाना शुरू कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications