ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा-'डेगाना का ड्राइवर कहां है', विधायक का 11 माह से लापता चालक कौन है?
राजस्थान के नागौर जिले में डेगाना से कांग्रेस विधायक विजयपाल मिर्धा का ड्राइवर ताराचंद बीते 11 माह से लापता है। पिता का आरोप कि विधायक को सब पता, लेकिन वे गुमराह कर रहे हैं।

#डेगाना_का_ड्राइवर_कहां_है? यह सवाल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पूछा जा रहा है, जिसका जवाब बीते 11 माह से नहीं मिल रहा।
ट्विटर ट्रेंड में शामिल 'डेगाना का ड्राइवर कहां है' की पूरी कहानी नागौर जिले में डेगाना से कांग्रेस विधायक विजयपाल मिर्धा से जुड़ी है।
दरअसल, डेगाना विधायक विजय पाल मिर्धा का ड्राइवर ताराचंद 12 मई 2022 को उनके परिवार को छोड़ने दिल्ली गया था। आज तक वापस नहीं लौटा है। ताराचंद के पिता देवाराम का आरोप है कि 'साहब सब जानते हैं, लेकिन वे गुमराह कर रहे हैं'

इस मामले में विधायक विजय पाल मिर्धा का कहना है कि उनके ड्राइवर ताराचंद के पिता किसी वहम का शिकार हैं। ताराचंद दिल्ली गया था। लौटते समय कहीं लापता हो गया। इसमें मेरी क्या जिम्मेदारी बनती है? ताराचंद कोई बच्चा तो है नहीं जो कोई उसे उठा लेगा। मैंने अपने स्तर पर उसे ढूढ़ने का खूब प्रयास किया है। उसके पिता से गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई है।
उधर, पूरा मामला कोर्ट पहुंच चुका है। ताराचंद के पिता देवराम ने राजस्थान हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल की है। एडवोकेट राजेंद्र चौहान की मानें तो जस्टिस राजेंद्र प्रसाद सोनी व अरुण भंसाली की बेंच ने निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।

नागौर जिले के मूंडवा के सीओ धन्नाराम कहते हैं कि ताराचंद की तलाश की जा रही है। उसके मोबाइल लोकेशन खंगाली तो वह 12 मई की रात दिल्ली रेलवे स्टेशन, 13 मई को रींगस व 14 मई सुबह कोटा और दोपहर को सवाई माधोपुर व शाम सवा छह बजे जयपुर के सांगानेर में मिली है। 14 मई को सांगानेर में ताराचंद का बैग मिला, जिसमें डायरी व एटीएम कार्ड था।

देवाराम कहते हैं कि बेटे की तलाश के लिए छह माह पहले राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने मदद का आश्वासन दिया। सीएम से मिलने के बाद से एमएलए नाराज हैं। वे कहते हैं कि अब सीएम ही ताराचंद को ढूंढेंगे।
ड्राइवर ताराचंद के पिता का यह भी आरोप है कि विधायक व उनकी पत्नी का सब पता है मगर सच नहीं बता रहे हैं। वे गुमराह कर रहे हैं। कभी कहते हैं कि दिल्ली ट्रेन से गया। कभी बोलते हैं कि कार से गया। विधायक बोले कि 14 मई को रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में दिखा जबकि उनके रसोइए ओम ने नागौर में अलग अलग जगह की लोकेशन बताई।

ट्विटर हैंडल पर डेगाना विधायक विजयपाल मिर्धा ने लिखा कि कुछ लोग राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए मेरे खिलाफ माहौल बना रहे हैं। जनता को भ्रमित कर रहे हैं। आपसे अनुरोध है कि ऐसे लोगों को आप खुद जवाब दें। मेरे चालक की गुमशुदगी की रिपोर्ट मैंने खुद उसके पिता द्वारा दर्ज करवाई है। ताराचंद को ढूंढ़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications