नागौर में BJP उम्मीदवार ज्योति मिर्धा ने क्यों कहा-'मैं मुंडवा लूंगी सिर या बेनीवाल मुंडवा लें दाढ़ी मूंछ'
Jyoti Mirdha Hanuman Baneiwal Nagaur Lok Sabha Seat: राजस्थान में दो चरण 19 अप्रैल व 26 अप्रैल को मतदान होगा। प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रखी है। आरोप-प्रत्यारोप भी खूब लग रहे हैं, जिनका जवाब भी दिया जा रहा।
ऐसे ही एक आरोप के जवाब में नागौर संसदीय सीट से भाजपा उम्मीदवार डॉ. ज्योति मिर्धा ने तो खुद द्वारा सिर मुंडवा लेने या हनुमान बेनीवाल द्वारा दाढ़ी मूंछ मुंडवा लेने तक की बात कह डाली।

दरअसल, नागौर में कांग्रेस व आरएलपी उम्मीदवार हनुमान बेनीवाल ने ज्योति मिर्धा साल 2009 से 2014 तक सांसद कार्यकाल में उनकी संसद में उपस्थिति पर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में ज्योति मिर्धा की भी प्रतिक्रिया आई।
नागौर के गांव ईनाणा में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए डॉ. ज्योति मिर्धा ने कहा कि हनुमान बेनीवाल और मेरे में से लोकसभा सांसद बनने के बाद संसद में किसकी उपस्थित ज्यादा है ये देख लें?
अगर हनुमान बेनीवाल की मेरे से ज्यादा उपस्थित मिली तो मैं ईनाणा गांव के मंच पर सर मुंडवा लूंगी और अगर मेरी उपस्थिति हनुमान बेनीवाल से ज्यादा हुई तो हनुमान बेनीवाल अपना सिर और दाढ़ी इस मंच पर मुंडवाए।
नागौर में चुनाव प्रचार में भाषा का स्तर कुछ ऐसा हो गया कि भाजपा उम्मीदवार ज्योति मिर्धा ने एक बयान में खींवसर और थाली क्षेत्र की तुलना तालिबान से कर डाली। बोली कि क्षेत्र में ऐसा हाल है जैसा तालिबान की हालत है। बता दें कि खींवसर से हनुमान बेनीवाल आरएलपी विधायक हैं।
नागौर लोकसभा चुनाव 2024 में हनुमान बेनीवाल-ज्योति मिर्धा के बीच जुबानी जंग चल रही है। तालिबान वाले बयान पर हनुमान बेनीवाल की भी प्रतिक्रिया आई। हनुमान बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में मरुस्थलीय क्षेत्र को मारवाड़ी में 'थली' कहा जाता है। ज्योति मिर्धा द्वारा खींवसर विधानसभा क्षेत्र को तालिबान की संज्ञा दी। लोकतंत्र में ऐसे बयानों की कोई जगह नहीं। यह बयान निंदनीय है।
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की भजनलाल शर्मा सरकार आने के बाद ज्योति मिर्धा ने बाबा साहब के संविधान को बदलने की बात कही थी। अब फिर से उन्होंने अपने भाषण में वोटों की अपील करते हुए नागौर के खींवसर क्षेत्र को तालिबान की संज्ञा दी है। यह निंदनीय है।












Click it and Unblock the Notifications