3 बच्चों की मां से तीसरी शादी करना चाहता था मुर्तजा, प्यार में धोखा मिलने पर चाकू घोंपकर कर दी हत्या
बांसवाड़ा, 6 सितम्बर। राजस्थान के बांसवाड़ा कोतवाली पुलिस थाना इलाके में प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला की चाकू घोंपकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद कथित प्रेमी मौके से भाग गया और उसने अपने दोस्तों को फोन करके कहा कि वह मर जाएगा, मगर कभी पुलिस के हाथ नहीं आएगा। बांसवाड़ा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बांसवाड़ा पुलिस के अनुसार मृतका की शिनाख्त शहनाज काटका पत्नी कुतुबुद्दीन गढ़ावाला के रूप में हुई है। वह बांसवाड़ा की मुस्लिम कॉलोनी गली नंबर-6 की रहने वाली थी। हत्या का आरोप मुर्तजा पर लगा है। वह भी मुस्लिम कॉलोनी में गली नंबर-7 में रहता है। शहनाज दो बार शादी कर चुकी थी। जबकि मुर्तजा भी शादीशुदा है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले को प्यार में धोखे से जोड़कर जांच की जा रही है।
बता दें कि मुर्तजा ने शहनाज से शादी करने के लिए अपनी पत्नी को तलाक दे दिया था। सोमवार रात को शहनाज अपनी भाभी निश्रीन काटका के साथ रिश्तेदार के यहां हुई पार्टी से घर लौट रही थी। रास्ते में तिराहे पर पहले से बैठै आरोपी युवक मुर्तजा ने उससे पहले करीब 50 सेकंड बात की और फिर सीने पर चाकू मार दिया। चाकू लगने के बाद वह घायल होकर वहीं पर गिर गई। आरोपी वहां से फरार हो गया। लोगों ने शहनाज को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, पुलिस जांच में पता चला कि देर रात रतलाम रोड के कागदी पिक-अप-वियर डेम के पास CCTV फुटेज में आरोपी के पैदल गुजरने के फुटेज मिले हैं। ऐसे में आशंका है कि वह डेम में कूदकर जान भी दे सकता है। वारदात के बाद आरोपी युवक ने अपने दोस्तों को फोन किया और कहा कि पुलिस की पकड़ में नहीं आऊंगा। बता दें कि शहनाज की शादी करीब 15 साल पहले सलूम्बर (उदयपुर) में हुई थी, लेकिन रिश्ता ज्यादा नहीं चला। दो बेटियां हुई। फिर पति से अलग हो गई। 7 साल पहले दूसरा निकाह हुआ, जिसके एक लड़की हुई। लड़की की उम्र करीब 7 साल है। दूसरी ओर आरोपी मुर्तजा के भी पहली पत्नी से एक बेटा था, जो साथ रहता था।












Click it and Unblock the Notifications