BUNDI : प्रॉपर्टी के लालच में कलयुगी बेटों ने पत्नियों के साथ मिलकर मां को उतारा मौत के घाट
बूंदी। राजस्थान के बूंदी के हिंडोली थाना इलाके के बड़ा नया गांव में कलयुगी तीन बेटों व अपनी पत्नियों ने मिलकर प्रॉपर्टी को लेकर बुजुर्ग माता-पिता के साथ सरिए से जमकर मारपीट की। इससे गंभीर घायल मां कमला बाई की मौके पर ही मौत हो गई तथा पिता रामकिशन सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए।

5 माह से बेटे मां-बाप से आए दिन झगड़ा
पड़ोसी की सूचना पर हिंडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मृतका के शरीर को कब्जे में लेकर हिंडोली चिकित्सालय मोर्चरी में रखवाया। घायल रामकिशन सैनी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हिंडोली थाना अधिकारी शिवराज गुर्जर ने बताया कि प्रॉपर्टी को लेकर करीब 5 माह से बेटे मां-बाप से आए दिन झगड़ा करते रहते थे, जिससे परेशान होकर पिता रामकिशन व माता कमलाबाई अशोक फैक्ट्री आकर बेटों और बहुओं से अलग रहने लग गए थे।

मृतका की बेटियों ने समझाइश की थी
हिंडोली थानाधिकारी शिवराज गुर्जर ने बताया कि रामकिशन के पास अशोक फैक्ट्री में 3 दुकानें, करीब 6.5 बीघा जमीन एवं डेढ़ से दो लाख रुपये थे, जिनको लेने के लिए बैठे मां बाप से आए दिन झगड़ा करते रहते थे। कुछ दिन पूर्व ही बेटे अपने मां बाप को लेकर अपने घर गए थे, जहां प्रॉपर्टी को लेकर उन्होंने फिर झगड़ा शुरू कर दिया था। जिस पर मृतका की बेटियों ने आकर समझाइश की थी।

कमलाबाई की मौके पर ही मौत
रविवार रात को भी बेटों और बहुओं ने प्रॉपर्टी हथियाने के मकसद से बुजुर्ग रामकिशन एवं कमलाबाई के साथ मारपीट की। इस दौरान सिर एवं छाती पर गंभीर चोट लग जाने के कारण कमलाबाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रामकिशन सैनी गंभीर घायल हो गया। जिसका हिंडोली अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल परिजनों की रिपोर्ट पर हिंडोली थाना पुलिस ने तीनों बेटों सहित उनकी पत्नियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications