सीकर बुजुर्ग हत्या केस : कांग्रेस विधायक हरीश मीणा ने ट्वीट कर अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल
सीकर। राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना उपखंड के आगवाड़ी में मोबाइल चोरी के शक में बुजुर्ग को पीट-पीटकर मार डालने के मामले में राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के बाद अब विधायक हरीश चन्द्र मीणा का भी बयान आया है।

राजस्थान के टोंक जिले की देवली उनियारा सीट से कांग्रेस के विधायक व पूर्व डीजीपी हरीश मीणा ने अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।

विधायक मीणा ने ये लिखा अपने ट्वीट में
विधायक मीणा ने ट्वीट किया, जिसमें लिखा कि मोबाइल चोरी के शक में सीकर के वृद्ध मदनलाल जी की दबंगों द्वारा पीट-पीट कर हत्या की घटना अत्यंत दुखद है। राजस्थान की कांग्रेस सरकार को सत्ता में लाने में समाज के इस गरीब वर्ग, युवाओं, किसानों का अहम योगदान रहा है और उन्हीं के साथ इस तरह की घटनाओं का होना सरकार की व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगाता है।
सीकर में मदन लाल मीणा की हुई हत्या
बता दें कि खाटूश्यामजी मेल के चलते नीमकाथाना उपंखड के गांव आगवाड़ी और भगेगा के पास श्याम भक्तों के लिए चार मार्च को भंडारा लगाया गया था। भंडारे से कथित तौर मोबाइल चोरी हो गए। मोबाइल चोरी के शक में हरियाणा के छह युवकों ने 75 वर्षीय मदन लाल मीणा के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में घटना के 12 दिन बाद 16 मार्च को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
किरोड़ी लाल मीणा ने ट्वीट किया घटना का वीडियो
सीकर के नीमकाथाना इलाके में बुजुर्ग मदन लाल मीणा के साथ हुई मारपीट का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया था, जिसे राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने ट्वीट किया। उसके बाद मामला सुर्खियों में आया और पुलिस ने छह में से पांच आरोपियों ने गिरफ्तार किया। एक आरोपी की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications