Rajasthan: सरकारी कॉलेजों के मेन गेट और एंट्रेस हॉल का इस रंग से होगा कायाकल्प, NSUI ने लगाया भगवाकरण का आरोप
Rajasthan News: राजस्थान सरकार ने सरकारी कॉलेजों में सकारात्मक और शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई पहल के तहत राज्य के 20 कॉलेजों के गेट नारंगी रंग से रंगने का निर्देश दिया है। इस निर्णय के अनुसार सरकारी कॉलेजों के प्रवेश द्वारों को एशियन पेंट्स के व्हाइट गोल्ड और ऑरेंज ब्राउन रंग से सजाया जाएगा। राजस्थान के कॉलेज शिक्षा विभाग के अनुसार इस निर्णय का उद्देश्य उच्च शिक्षा की सकारात्मक छवि को जनता के सामने प्रस्तुत करना और शैक्षणिक संस्थानों में एक प्रेरणादायक माहौल का निर्माण करना है। शिक्षा विभाग ने इन कॉलेजों को एक सप्ताह के भीतर पेंटिंग का काम पूरा करने और गेट की तस्वीरें विभाग को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
कांग्रेस ने किया फैसले का विरोध, शिक्षा के 'भगवाकरण' का आरोप
राज्य सरकार की इस योजना पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने इसे शिक्षा का भगवाकरण करार देते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने राज्य के शैक्षिक क्षेत्र में पहले से मौजूद गंभीर मुद्दों जैसे कि रिक्त पद, अपर्याप्त बुनियादी ढांचा, और बैठने की व्यवस्था की कमी को उजागर किया। जाखड़ ने सुझाव दिया कि इस योजना पर खर्च की जा रही धनराशि को इन गंभीर समस्याओं के समाधान में लगाया जाना चाहिए। जिससे छात्रों की शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हो सके।

बुनियादी शैक्षिक सुधारों पर बहस
सरकार की इस पहल को लेकर शिक्षा क्षेत्र में व्यापक बहस छिड़ गई है। सरकार का मानना है कि नारंगी रंग का प्रयोग परिसर में सकारात्मकता और शांति का संदेश देने में मदद करेगा। जबकि विपक्ष का कहना है कि प्राथमिकताओं में शैक्षिक सुधारों पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस ने यह तर्क दिया कि शैक्षिक संस्थानों में सौंदर्य सुधार के साथ-साथ बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के सुधार को समान रूप से प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
राजस्थान सरकार की यह पहल शैक्षिक संस्थानों में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। लेकिन विपक्ष इसे वास्तविक शैक्षिक आवश्यकताओं से ध्यान भटकाने वाला कदम मानता है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि यह पहल शैक्षिक सुधारों की दिशा में कितना प्रभाव डालती है और कैसे सरकार छात्रों और शैक्षिक संस्थानों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के लिए आगे कदम उठाती है।












Click it and Unblock the Notifications