राजसमंद लोकसभा सीट: कौन हैं महिमा कुमारी, जिनकी वजह से कट सकता राजेंद्र राठौड़ का टिकट?
Who is Mahima Kumari Rajsamand vs Rajendra Rathore: लोकसभा चुनाव 2024 में BJP के दिग्गज नेता राजेंद्र राठौड़ को राजस्थान की किसी भी सीट से टिकट मिलता नहीं दिख रहा। राजसमंद से राजेंद्र राठौड़ की जगह नया नाम महिमा कुमारी का चर्चा में आ गया है।
राजेंद्र राठौड़ का नाम राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी वाली संसदीय सीट राजसमंद से दावेदारों की सूची सबसे ऊपर चल रहा था, मगर अब महिमा कुमारी को टिकट मिल सकने की बात सामने आई है।

महिमा कुमारी मेवाड़ की जीवनी
- महिमा कुमारी मेवाड़ राजघराने से ताल्लुक रखती हैं।
- महिमा कुमारी राजसमंद से भाजपा विधायक विश्वराज सिंह की पत्नी हैं।
- पूर्व राजपरिवार की सदस्य महिमा कुमारी राजनीति की बजाय सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।
- कंवरानी महिमा कुमारी मूलरूप से पश्चिम बंगाल के पंचकोट पूर्व राज परिवार से हैं।
महिमा कुमारी के परिवार से सांसद-विधायक
महिमा कुमारी के ससुराल में महाराणा प्रताप के वंशज पति विश्वराज सिंह मेवाड़ ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले ही भाजपा ज्वाइन की थी। फिर कांग्रेस के सीपी जोशी को हराकर विधायक भी बने।
पति के अलावा महिमा कुमारी के मामा मध्य प्रदेश की सतना सीट से सांसद रह चुके हैं। ममेरे भाई विधायक हैं जबकि चाची टिहरी गढ़वाल से सांसद हैं।
महिमा कुमारी के नाम पर चर्चा
कहा जा रहा है कि पिछले दिनों दिल्ली में हुई भाजपा की बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी के सामने महिमा कुमारी के नाम पर राजसमंद से लोकसभा चुनाव 2024 में टिकट दिए जाने पर चर्चा हुई है। पीएम मोदी वाराणसी से सांसद हैं और महिमा कुमारी का बचपन भी वहीं बीता।
राजेंद्र राठौड़ राजसमंद से क्यों मांग रहे टिकट?
- राजेंद्र राठौड़ राजस्थान भाजपा में करीब 35 साल से चूरू जिले में सक्रिय हैं।
- राठौड़ 1990 से लेकर साल 2018 तक छह बार चूरू और एक बार तारानगर सीट से भाजपा विधायक रह चुके हैं।
- राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में राजेंद्र राठौड़ तारानगर सीट से कांग्रेस के नरेंद्र बुडानिया के सामने चुनाव हार गए।
- उधर, राजसमंद सांसद रहीं दीया कुमारी जयपुर की विद्याधरनगर सीट से चुनाव जीतकर डिप्टी सीएम बन गईं।
- दीया कुमारी के विधायक बनने से राजसमंद सीट खाली हो गई तो उस पर राजेंद्र राठौड़ लोकसभा चुनाव 2024 में टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव 2024
राजस्थान में लोकसभा की 25 सीट हैं, जिन पर 19 व 26 अप्रैल को दो चरण में मतदान होगा। भाजपा अब तक 15 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी हैं। राजसमंद सीट पर भाजपा-कांग्रेस दोनों ने ही अभी उम्मीदवार नहीं उतारा।












Click it and Unblock the Notifications