Lok Sabha Election: कांग्रेसी नेता भंवर जितेंद्र सिंह ने भाजपा पर लगाए ऐसे आरोप, ले आए इम्पोर्ट प्रत्याशी
Lok Sabha Election: राजस्थान में लोकसभा चुनावों से सियासी रण में अब जुबानी जंग तेज हो गई है। एक ओर भाजपा कांग्रेस को चारों खाने चित करने का मास्टर प्लान नहीं मोदी प्लान तैयार कर बैठी तो वही कांग्रेस भी इस प्लान में सेंधमारी की हर मुमकिन कोशिश कर रही है।
राजस्थान के भरतपुर में एक ओर कांग्रेसी प्रत्याशी संजना जाटव मैदान में है तो दूसरी ओर भाजपा ने भी अपना शूटर पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली को उतारा है। जैसे ही मतदान की तारीख नजदीक आ रही है वैसे ही कांग्रेस और भाजपा दोनों एक दूसरे पर हमलावर हो गई है।

आज भरतपुर में कांग्रेस नेता भंवर जितेंद्र सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी प्रत्याशी इम्पोर्ट कर लाई है, बीजेपी धर्म के नाम पर वोट मांग रही, बीजेपी प्रत्याशी 10 साल के कार्यकाल पर चुप
कांग्रेस नेता भंवर जितेंद्र सिंह गुरुवार को डीग और भरतपुर जिले में पहुंचे। जहां उन्होंने सबसे पहले डीग जिले के कैथवाड़ा और भरतपुर जिले रूपवास तहसील के गांव जटमासी में सभा की, इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह, टीकाराम जूली सहित दोनों जिलों के कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
जटमासी में भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि, अच्छे दिन क्यों नहीं आये हैं अभी तक, किसानों की आमदनी दोगुनी क्यों नहीं हुई है। पेट्रोल डीजल के दाम कम क्यों नहीं हुए हैं। झूठ बोलकर और भावनाओं से खेलकर सत्ता में आये हैं।
आज एक ऐसी परिस्थिति पैदा हुई है कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मखौल बना हुआ है। धर्म के नाम पर राजनीति हो रही है। जितने भी बीजेपी के प्रत्याशी हैं वह धर्म और बिरादरी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। उनका कोई विकास और कोई एजेंडा नहीं है।
10 साल में बीजेपी ने क्या किया उसके बारे में वह एक शब्द नहीं बोल रहे हैं। देश के अंदर सभी बड़े बोर्ड और होर्डिंग खरीद रखे हैं।बीजेपी अलवर के अंदर प्रत्याशी को बाहर लेकर आये हैं। इन्हें अलवर में 40 लाख लोगों में से एक व्यक्ति नहीं मिला एक महिला नहीं मिली।
भाजपा प्रत्याशी को इम्पोर्ट कर लाये। जिसे अलवर के ऊपर थोप दिया। उसे धूल चटाने का काम अलवर के लोगों ने कर लिया है। अलवर के लोगों ने तय कर लिया है की, ऐसे लोगों को बाहर भेजेंगे। बाहरी लोगों की कोई जगह नहीं है।
भरतपुर लोकसभा की प्रत्याशी संजना जाटव महिलाओं की समस्या जानती है। परिवारों को रोटी किस तरह नसीब हो रही है इसे आप सब जानते हैं। 10 सालों में एक युवा साथी नहीं कह सकता कि, अच्छे दिन आ गए हैं।
संजना जाटव मैदान में उतरी
पार्टी प्रत्याशियों की बात करें तो कांग्रेस ने भरतपुर लोकसभा सीट पर नए चेहरे के रूप में 25 साल की महिला उम्मीदवार संजना जाटव को चुनाव में उतारा है जो कि बीए एलएलबी है। संजना ने कठूमर से गत विधानसभा चुनाव लड़ा था और महज 409 वोट से चुनाव हार गई थी।
पार्टी ने अब उन्हें फिर से लोकसभा उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है। संजना जाटव,जाट,गुर्जर,मेव मतदाताओं के सहारे ही अपनी वैतरणी को पार उतारने की तैयारी में जुटी है।
भाजपा इस सीट पर लगातार कोली कार्ड खेलती आ रही
जबकि भाजपा ने पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली को टिकट दिया है जो कि वर्ष 2004 से 2009 तक बयाना-धौलपुर सीट से सांसद रह चुके है लेकिन वर्ष 2009 में कबूतरबाजी के आरोपों के चलते उनका टिकट काट दिया गया था।
पार्टी ने वर्ष 2018 में वैर से पूर्व मंत्री भजनलाल जाटव के सामने चुनाव लड़ाया लेकिन वह बड़े अंतर से चुनाव हार गए. पार्टी ने एक बार फिर उन्हें उम्मीदवार बनाया है।
रामस्वरूप कोली यूं तो संगठन के कार्यकर्ता माने जाते है लेकिन अपने पूर्व के कार्यकाल में वह कोई भी ऐसा काम नहीं कर पाए उल्टे कबूतरबाजी के आरोपों में फंस गए थे। शैक्षणिक रूप से भी वह 12 वीं पास है. 2009 के बाद भाजपा इस सीट पर लगातार कोली कार्ड खेलती आ रही है।
सीट का इतिहास
2009 में तो भाजपा को हार का सामना करना पड़ा लेकिन वर्ष 2014 और 2019 में मोदी लहर में भाजपा ने जीत हासिल की है। इस बार भी मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा जा रहा है कैंडीडेट प्रभावकारी नहीं है लेकिन पार्टी के 400 पार के नारे को आगे रख फिर से कमल खिलाने की कवायद है।












Click it and Unblock the Notifications