Hanuman Beniwal : राजस्थान की राजनीति में 'लठ्ठ गाड़' देने वाला नेता, युवाओं के दिलों पर करता है राज
Nagaur News in Hindi, नागौर। राजस्थान के सियासी गलियारों में 'भूचाल' ला देने और चुनावों में 'लठ्ठ गाड़' देने वाले शख्स का नाम है हनुमान बेनीवाल। इन दिनों खासे चर्चा में हैं। मोदी सरकार-2 में 30 मई को प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में राजस्थान से मंत्री बनने वालों की दौड़ में ये भी शामिल थे, मगर मंत्री बन नहीं पाए।

वन इंडिया की 'जानिए अपना सांसद' सीरीज में आज बात करते हैं राजस्थान में सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में से एक हनुमान बेनीवाल की। विधायक रहते सांसद बनने वाले कद्दावर नेता की और अपनी बेबाकी के लिए देशभर में पहचान बना चुके नागौर के बेटे की।

लोकसभा चुनाव 2019 में ज्योति मिर्धा को हराया
राजस्थान के नागौर जिले की खींवसर सीट से विधायक हनुमान बेनीवाल अब नागौर के सांसद भी हैं। हालांकि दोनों में से इन्हें एक पद छोड़ना होगा। बेनीवाल की ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि लोकसभा चुनाव 2019 में नागौर जीतने के लिए भाजपा को हनुमान बेनीवाल की पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से गठबंधन करना पड़ा। लोकसभा चुनाव 2019 में HANUMAN BENIWAL (rashtriya loktantrik party) ने 660051 और कांग्रेस प्रत्याशी DR. JYOTI MIRDHA ने 478791 मत हासिल किए। एक लाख 81 हजार 260 मतों से जीत हनुमान बेनीवाल संसद पहुंचे।

बरणगांव में जन्मे हनुमान बेनीवाल
हनुमान बेनीवाल राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 व लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान प्रदेश की राजनीति के गलियारों में सबसे अधिक सुर्खियों में रहने वाले नेता हैं। इनका जन्म 2 मार्च 1972 को नागौर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बरणगांव में रामदेव व मोहनदेवी के घर हुआ। एलएलबी तक शिक्षित हनुमान बेनीवाल की शादी कनिका बेनीवाल से हुई है। इनके एक बेटा आशुतोष व बेटी दीया है।

कई बार छात्रसंघ अध्यक्ष भी चुने गए
(hanuman beniwal biography in Hindi) हनुमान बेनीवाल ने छात्र जीवन से ही राजनीति में कदम रख लिया था। राजस्थान कॉलेज, विधि महाविद्यालय और राजस्थान विवि के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे। 2003 में नागौर जिले की मुंडवा विधानसभा सीट से निर्दलीय के रूप में भाग्य आजमाया, मगर चुनाव हार गए। इसके बाद 2008, 2013 और 2018 में खींवसर विधानसभा सीट से जीत की हैट्रिक बनाई।

विधानसभा चुनाव 2018 में बनाई नई पार्टी RLP
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 में हनुमान बेनीवाल ने जमकर सुर्खियां बटोरीं। अपने बेबाक बयानों से सोशल मीडिया में छाए रहे। नागौर, बाड़मेर, सीकर व बीकानेर में बड़ी किसान रैलियां कीं। जयपुर में रोड शो निकाला और 29 अक्टूबर को जयपुर में ही अपनी नई पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (rashtriya loktantrik party) का ऐलान किया। हनुमान बेनीवाल की पार्टी RLP का चुनाव चिह्न पानी की बोतल है।













Click it and Unblock the Notifications