राजस्थान : दूसरी शादी से इनकार करने पर विधवा की जीभ और नाक काटी
जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर में एक महिला के साथ इस कदर बर्बरता की गई, जिसे देखने वालों की रूह कांप उठी। मामला भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर स्थित जैसलमेर जिले का है। आरोप है कि दूसरी शादी से मना करने पर एक विधवा महिला की नाक और जीभ काट दी गई। विधवा महिला के पति ने करीब 5 साल पहले आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से ही उस पर दूसरी शादी का दबाव बनाया जा रहा था।

इन आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम
जैसलमेर के एएसपी राकेश बैरवा के अनुसार मामला जगीरों की ढाणी का है। यहां एक विधवा पर उसके ससुराल पक्ष के लोग एक अन्य शख्स से शादी करने का दबाव डाल रहे थे। लेकिन, महिला इसके लिए राजी नहीं हो रही थी। पीड़िता के भाई का आरोप है कि मंगलवार दोपहर 1 बजे दुले खान, इकबाल खान, हासम खान, सलि पत्नी हासम खान, फारूक खान, आम्बे खान, लाडू खान, मनु खान, अनवर खान, सलीम खान, जानू खान, नेमते खान और नेवे खान पीड़िता के घर आए।
जोधपुर के अस्पताल में चल रहा उपचार
उन्होंने महिला पर जानलेवा हमला किया। बाद में धारदार हथियार से पीड़िता की नाक और जीभ काट दी। इत्रना ही नहीं बल्कि आरोपियों ने पीड़िता का दाहिना हाथ भी तोड़ दिया। इस दौरान वहां मौजूद बिस्मिल्लाह ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उस पर भी हमला किया गया। इससे उसका भी हाथ टूट गया। घायलों को स्थानीय अस्पताल से जोधपुर रैफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज जारी है।
अन्य आरोपियों की तलाश
गौरतलब है कि पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी जानू खान को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।












Click it and Unblock the Notifications