Jaisalmer Bus Accident : बस की छत पर बैठे यात्री आए करंट की चपेट में, तीन की मौत, पांच घायल
जैसलमेर, 5 अप्रैल। राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। बस पर बैठे यात्री करंट की चपेट में आ गए, जिससे तीन यात्रियों की मौत हो गई और पांच घायल हुए हैं। जैसलमेर बस हादसे में घायल हुए यात्रियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में एक यात्री को जोधपुर रैफर करना पड़ा है।

आलाधिकारी व जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलने पर जैसलमेर जिला कलेक्टर डॉ. प्रतिभा सिंह, पुलिस अधीक्षक भंवरसिंह नाथावत व विधायक रूपाराम सहित कई आलाधिकारी व जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे।

डेहरी के पास बस की छत पर बैठे लोग करंट की चपेट में आ गए
जानकारी के अनुसार सभी यात्री सन्त सदाराम के दर्शन के लिए निजी बस में सवार होकर गए थे। कुछ लोग बस की छत पर बैठे थे। वापसी में जैसलमेर से 15 किलोमीटर पहले पोलजी की डेहरी के पास बस की छत पर बैठे लोग करंट की चपेट में आ गए।

सड़क को ऊंचा करने का कार्य किया
बता दें कि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा इसी सड़क को ऊंचा करने का कार्य किया जा रहा है। विद्युत विभाग द्वारा बिजली का सही समय पर रख रखाव नहीं किए जाने के कारण तारे नीचे झूल रहे।
पुलिस से रिपोर्ट मांगी है
सूत्रों की मानें तो बस में सवार लोगों ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को सुबह ही फोन करके तारे नीचे होने की सूचना दे दी थी, लेकिन उन्होंने इसे गम्भीर नहीं लिया। जिला कलेक्टर ने विद्युत विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग व पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।












Click it and Unblock the Notifications