जैसलमेर के पूर्व महारावल बृजराज सिंह को अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब, देखें वीडियो
जैसलमेर। राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर के पूर्व महारावल बृजराज सिंह को मंगलवार को अंतिम विदाई दी गई। सोमवार को 52 साल की उम्र में पूर्व महारावल बृजराज सिंह का निधन हो गया था।

लीवर की बीमारी से थे पीड़ित
पिछले कई दिन से लीवर की बीमारी से जूझ रहे बृजराज सिंह को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया था। मंगलवार अलसुबह उनकी पार्थिव देह दिल्ली से जैसलमेर लाई गई।

सोनार किले का ध्वज भी शोक में झुका रहा
पूर्व महारावल बृजराज सिंह के अंतिम दर्शन करने और उन्हें विदाई के लिए जन सैलाब उमड़ा। पूरे राजस्थान समेत कई जगहों से लोग उनकी शवयात्रा में शामिल हुए। पूरे जैसलमेर में बाजार बंद रहे। पूर्व महारावल के निधन पर हर तरह शोक नजर आया। जैसलमेर के ऐतिहासिक दुर्ग सोनार किले का ध्वज भी शोक में झुका रहा।
हर किसी की आंखें हुई नम
जैसलमेर शहर में यह पहला मौका था जब किसी के निधन पर इतनी बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे हो। सुबह से ही लोग जैसलमेर पहुंचने शुरू हो गए थे। हर किसी की आंखें नम और चेहरे मायूस थे।

दोनों बेटों ने दी चिता को मुखाग्नि
जैसलमेर में महारावल के निवास स्थान मन्दिर पैलेस के हजारों लोगों की भीड़ जुटी। जैसलमेर के राजपरिवार की परम्परानुसार महारावल की वैकुंठ यात्रा मन्दिर पैलेस, हनुमान चौराहा से होती हुई बड़ाबाग पहुंची, जहां महारावल का अंतिम संस्कार हुआ। उनके दोनों बेटों ने चिता को मुखाग्नि दी।

जैसलमेर में शोक का माहौल
जैसलमेर विधायक रूपाराम, जिला प्रमुख प्रताप सिंह, जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजय सिंह के साथ जिले के अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जैसलमेर में शोक के इस माहौल से अंदाजा लगाया जा सकता था कि सीमावर्ती जिले जैसलमेर के लोगों के दिलों में राजतन्त्र के प्रति आज भी कितनी श्रद्धा व निष्ठा है।

पूर्व महारावल बृजराज सिंह की जीवनी
जैसलमेर रियासत के पूर्व महारावल ब्रजराज सिंह का 13 नवंबर 1968 को हुआ था। 28 जनवरी 1993 को इनकी शादी नेपाल के महाराजा सहदेव शमशेर जंग बहादुर की बेटी राजेश्वरी देवी के साथ हुई थी। इनके दो बेटे कुंवर चेतन्यराज सिंह भाटी और जनमेज्य राज सिंह भाटी हैं।













Click it and Unblock the Notifications