नाबालिग देवर से इश्क लड़ा रही थी भाभी, पति को पता चला तो शराब पिलाकर कुएं में डाला
सवाई माधोपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के गंगापुरसिटी थाना इलाके में तीन दिन पहले गंगाजी की कोठी के नजदीक कुएं में युवक का शव मिलने के मामले का खुलासा हो गया है। यह कोई आत्महत्या या दुर्घटना नहीं थी बल्कि अवैध संबंधों के चलते हत्या की गई थी। गंगापुरसिटी कोतवाली थाना पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर मृतक की पत्नी सुरजा बाई को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके नाबालिग देवर को भी निरुद्ध किया है।

13 मई को कुएं में पड़ा मिला था शव
सवाईमाधोपुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा ने बताया कि 13 मई 2020 को गंगाजी की कोठी क्षेत्र में एक कुएं में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। इस पर वे स्वयं और डीएसपी किशोरी लाल, कोतवाली थाना अधिकारी दिग्विजय सिंह, सदर थाना प्रभारी भरत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त करौली जिले के उगाल बस्ती मोहल्ला निवासी वियज सिंह पुत्र बाबूलाल माली के रूप में हुई।

गोशाला में काम करता था विजय सिंह
विजय सिंह गत 5-6 साल से गंगाजी की कोठी के समीप एक गोशाला में काम करता था। वह अपनी पत्नी व बच्चों सहित यहां रहता था। उसकी पत्नी का काकी ससुर के लड़के के साथ कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पति को पत्नी के अवैध संबंधों के बारे में पता चला तो उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। इससे परेशान होकर पत्नी ने प्रेमी देवर के साथ मिलकर विजय की हत्या की साज़िश रच डाली।

शराब पिलाकर दिया वारदात को अंजाम
साज़िश के तहत गंगाजी की कोठी के जंगलों में प्रेमी बाल अपचारी देवर ने विजय सिंह को जमकर शराब पिलाई और जब विजय शराब के नशे में धुत हो गया तब मौका पाकर उसने विजय को नजदीक ही स्थित कुएं में धक्का देकर गिरा दिया।

सख्ती बरतने पर उगला सच
विजय सिंह शराब के नशे में धुत था। इसलिए अपने बचाव में कुछ नहीं कर सका और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एफएसएल व एमओबी टीम के माध्यम से साक्ष्य जुटाए और आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी बाल अपचारी देवर को दबोच लिया। शुरुआती पूछताछ में वे पुलिस को गुमराह करते रहे। फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया।












Click it and Unblock the Notifications