राजस्थान में 3 टायर पंक्चर होने के बाद भी दौड़ाते रहे गाड़ी, देखें साउथ की फिल्मों जैसा सीन रियल में
भरतपुर, 3 जून। इससे पहले ऐसा सीन शायद आपने किसी बॉलीवुड या हॉलीवुड फिल्म में ही देखा होगा। जब टायर पंक्चर होने के बाद भी गाड़ी दौड़ती रहती है और वो भी एकाध नहीं जब गाड़ी के चार में से तीन टायर पंक्चर हो। गाड़ी के टायरों के आग की लपटे निकल रही हो, लेकिन गाड़ी फिर भी रुकने का नाम नहीं ले रही। ये किसी साउथ की फिल्म का सीन नहीं है बल्कि ऐसा हकीकत में हुआ है।
Recommended Video

राजस्थान में सड़क पर दौड़ रही इस गाड़ी के तीन टायर पंक्चर हो चुके हैं। हवा निकलने की वजह से टायर पूरी तरह से घिस चुके हैं और रिम के सड़क से रगड़ जाने के कारण चिंगारियां निकल रही हैं। राजस्थान का यह हैरतअंगेज वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ये वायरल वीडियो राजस्थान के भरतपुर जिले का है। यहां देर रात को एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार कुछ बदमाश पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भाग गए। इस पर पुलिस ने उनका पीछा करना शुरू किया।
बदमाशों ने पुलिस को पीछा करते देख अपनी गाड़ी की स्पीड तेज कर दी। इस भागदौड़ और आपाधापी में बदमाशों की स्कॉर्पियो के तीन टायर पंक्चर हो गए, लेकिन बदमाश रुके नहीं और भागते रहे। इस दौरान गाड़ी के आगे का एक टायर बुरी तरह से फट जाने के कारण उसकी रिम दिखने लगी। इसके कारण सड़क पर रगड़ लगने से लगातार तेजी से चिंगारियां निकलने लगी फिर भी बदमाश नहीं रुके। वे गाड़ी को दौड़ते रहे।
कई किलोमीटर दौड़ने के बाद तस्करों की गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। उसके बाद पुलिस ने तस्करों को दबोच लिया। बदमाशों ने गाड़ी में तीन गायें भी ठूंस रखी थी। बाद में पुलिस ने गौवंश को मुक्त करवाया और घायल तस्करों को इलाज के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications