सांसद किरोड़ीलाल का बड़ा दावा, '4 दिन में पायलट ने किए 50-60 फोन, राहुल-प्रियंका ने नहीं उठाया'
नई दिल्ली, 24 जून। राजस्थान में अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच राजनीतिक रस्साकशी के बीच राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा ने बड़ा दावा किया है। मीणा ने कहा सचिन पायलट ने दिल्ली यात्रा में तीन-चार दिनों के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को 50 से 60 फोन किए लेकिन उनका फोन उठाया नहीं गया जिसके बाद पायलट बिना मिले ही लौट आए।

बीजेपी सांसद मीणा ने कहा कि सचिन पायलट कांग्रेस पार्टी में महत्वपूर्ण नेता हैं लेकिन उन्हें महत्व नहीं दिया जा रहा है। राजस्थान कांग्रेस की सियासत में सीएम गहलोत के खिलाफ गुट का मोर्चा थामे पायलट को मीणा ने नसीहत भी दे डाली। मीणा ने कहा कि सचिन पायलट स्वाभिमानी व्यक्ति हैं और स्वाभिमानी व्यक्ति को अपमान नहीं सहना चाहिए।
किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री को दम घुटकर नहीं रहना चाहिए और कोई ठोस निर्णय लेना चाहिए।
राजस्थान कांग्रेस में दो गुट
राजस्थान कांग्रेस में मुख्यमंत्री में इस समय दो गुटों में ठनी हुई है। एक गुट अशोक गहलोत का है तो दूसरे गुट की अगुवाई सचिन पायलट कर रहे हैं। सचिन पायलट ने एक बार पहले भी 2019 में खुलकर नाराजगी जता चुके हैं। तब पायलट अपने खेमे के 18 विधायकों के साथ एक महीने से अधिक समय तक हरियाणा और दिल्ली में डेरा डाले रहे थे। पायलट को बाद में उपमुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा था और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख पद से भी हटना पड़ा था। अटकलें लगाई जा रही थीं कि पायलट अपने खेमे के साथ बीजेपी में शामिल हो जाएंगे लेकिन आखिरकार पार्टी के अंदर ही मामला सुलझा लिया गया था। उस समय कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने इसमें अहम भूमिका अदा की थी।
अब एक बार फिर पायलट और उनका खेमा सक्रिय है। इसी सिलसिले में सचिन पायलट हाल ही में दिल्ली भी गए थे हालांकि उनकी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात नहीं हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications