अटल जी के मरने पर हुआ ऐसा दुख कि कोर्ट परिसर में ही वकील ने मुंडवा लिए अपने बाल
अजमेर। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन से हर किसी को आघात लगा है। प्रधानमंत्री से लेकर अधिकांश लोगों ने अपने तरीके से वाजपेयी को श्रद्धांजली अर्पित की, लेकिन अजमेर के एक वकील और भाजपा नेता ने मुण्डन करवाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

आपको बता दें कि अजमेर के गुलाबबाड़ी निवासी वकील और भाजपा नेता महेन्द्र भाटी को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मृत्यु से गहरा सदमा पहुंचा। भाटी शुक्रवार सुबह अदालत परिसर पहुंचे तब से ही गुमसुम नजर आए और जैसे ही वाजपेयी की अंतिम यात्रा प्रारम्भ हुई, उन्होंने अदालत परिसर में मुण्डन करवाना शुरू करवा दिया। भाटी का मुण्डन के बाद वकील समुदाय की ओर से माला पहनाकर स्वागत भी किया गया। भाटी मीडिया से भी रूबरू हुए जिसमें वह खुद को रोक नहीं रोक सके और तेज रोने भी लगे। भाटी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के प्रधानमंत्री पद पर रहे। उन्होंने पार्टी व देश के लिए जो भी काम किए वह कभी भी भूलाए नहीं जा सकते। ऐसे में आज मुण्डन करवाकर वाजपेयी को श्रद्धाजंली अर्पित की है।
5 बार पहले भी करवाया मुण्डन
एडवोकेट महेन्द्र भाटी ने इससे पहले भी पांच बार मुण्डन करवाया है। कभी वह विरोध जताने के लिए तो कभी समर्थन के लिए ऐसा करते हैं। आपको बता दें पहली बार भाटी ने समाजसेवक अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार से मुक्त करवाने के लिए चलाए गए आंदोलन का समर्थन देने के लिए, दुसरी बार पाक जेल में बंद सरबजीत सिंह की रिहाई के लिए, तीसरी बार पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिंह जसोल का भाजपा से टिकट काटने के विरोध में, चौथी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई नोटबंदी के समर्थन में और पांचवी बार राजस्थान की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से अजमेर दरगाह में पेश की गई चादर में सम्मिलित नहीं होने पर विरोध स्वरूप मुण्डन करवाया था।












Click it and Unblock the Notifications