राजस्थान : वाहनों की जांच के दौरान ट्रक ने परिवहन विभाग के गार्ड को कुचला, मौके पर ही तोड़ा दम
भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में चित्तौड़गढ़-अजमेर राजमार्ग से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां पर हजारी खेड़ा के निकट सोमवार सुबह हाईवे पर वाहनों की जांच करते हुए परिवहन विभाग के गार्ड की एक ट्रक से कुचलने से मौत हो गई।डीटीओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि हाइवे पर वाहनों की जांच के दौरान पंजाब पासिंग एक ट्रक को झुंझुनूं जिला निवासी गार्ड राजेन्द्र जाट ने हाथ देकर रोकने का इशारा किया, लेकिन ट्रक चालक ने वाहन रोकने की बजाय ट्रक को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, जिससे गार्ड राजेंद जाट उसकी चपेट में आ गया।

बता दें कि परिवहन निरीक्षक भागचंद नवल और दुर्गा शंकर जाट अनुबंध पर कार्यरत एक्स सर्विसमैन सुरक्षा गार्ड झुंझुनूं जिले के निवासी राजेंद्र जाट और अन्य गार्डों के साथ हजारी खेड़ा के निकट सुबह साढ़े नौ से बजे वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान राजेन्द्र ने पंजाब पासिंग पीबी 11 सीजे 4012 ट्रक को रुकने का इशारा किया। ट्रक चालक ने वाहन को रोकने के बजाय गति को और तेज कर दिया, जिससे ट्रक की चपेट में चालक राजेन्द्र आ गया और सिर पर गम्भीर चोट लगने पर उसे तत्काल एमजी हॉस्पिटल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, जिला परिवहन अधिकारी राठौड़ का मानना है कि हाईवे पर जांच में लगे कर्मचारी असुरक्षित हैं। विभाग की ओर से उड़नदस्ते के प्रभारियों को प्रतिदिन पचास हजार रुपए जुर्माना राशि राजस्व के रूप में वसूलने का लक्ष्य दिया जाता है। जिले में चार उड़नदस्ते हैं। औसतन दो लाख रुपए प्रतिदिन वसूले जाते हैं। सोमवार की सुबह हादसे को अंजाम देकर भागे ट्रक को परिवहन विभाग के दूसरे दस्ते ने पीछा कर कुछ दूरी पर पकड़ लिया और पुर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications