पिता को इंजेक्शन लगाकर मारने के शक में बेटे ने चाचा-चाची की हत्या की, गंडासा लेकर पहुंचा थाना
भीलवाड़ा, 14 अगस्त। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के कीरों की झोपड़िया गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक ने अपने ही बुजुर्ग चाचा चाच की गंडासे से सिर व गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। डबल मर्डर की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या के आरोपित को डिटेन कर लिया है, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई गई है। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलवा लिया गया है।

कीरों की झोंपड़िया का मामला
भीलवाड़ा सदर सीओ रामचंद्र चौधरी ने बताया कि कीरों की झोंपड़िया निवासी नारू (65) पुत्र नंदा कीर का गांव से सटा हुआ खेत है और उसी पर बाड़ा बना हुआ है। यहां नारू ने मवेशियों को रखा हुआ है। नारू किराने की दुकान भी चलाता था।

गायों का दूध निकालने गए थे बाड़े में
सुबह करीब 5.30 बजे नारू अपनी पत्नी कंकू (60) के साथ रोजाना की तरह गायों का दूध निकालने खेत पर बने बाड़े में गया था। कीर दंपती बाड़े में गायों का दूध निकाल ही रहा था। तभी पीछे से आए नारू के हजारी कीर के बेटे देवीलाल (40) ने नारू व कंकू के सिर व गर्दन पर गंडासे से वार किए।

नारू व कंकू ने वहीं दम तोड़ दिया
इससे नारू व कंकू ने वहीं दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी देवीलाल ने खुद ही सरेंडर कर दिया। वह गंडासा लेकर पुलिस थाने पहुंच गया। इसके बाद पुलिस थाना प्रभारी प्रकाशचंद्र भाटी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। पुलिस ने देवीलाल कीर को हिरासत में ले लिया।

आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
पुलिस थाना प्रभारी भाटी का कहना है कि मृतक व आरोपित के पिता सगे भाई हैं। डबल मर्डर को अंजाम देने वाले देवीलाल कीर की दीमागी हालत ठीक नहीं बताई जा रही है। आरोपित देवीलाल दो बच्चों का पिता है। पति-पत्नी व बच्चे कीरों की झोंपड़ियों में ही रह रहे थे। देवीलाल पिछले एक माह से दीमागी रूप से परेशान है। वह अपने परिजनों पर गोलियां खिलाकर पागल करने का आरोप लगाते हुए हर दिन हंगामा करता रहता है।












Click it and Unblock the Notifications