लॉकडाउन में राजस्थान का पार्षद लापता, वार्डवासियों ने पोस्टर लगाकर बयां किया दिल का दर्द!
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में कोरोना संकट के बीच एक अजीब नजारा देखने को मिला जब भरतपुर नगर निगम के वार्ड 36 के लोगों ने जगह-जगह पोस्टर चस्पा कर पार्षद को लापता बता दिया।

भरतपुर नगर निगम के वार्ड 36 का मामला
नगर निगम के वार्ड 36 में लगाए गए पोस्टर पर लिखा है कि 'वार्ड नंबर 36 के प्रिय जनप्रतिनिधि दाऊदयाल जी आप कहां हो?, वार्ड नंबर 36 के पार्षद हुए वार्ड से लापता, संकट के समय में वार्ड पार्षद नहीं ले रहे हैं वार्डवासियों की सुध, गत एक माह से पहले देखे गए थे पार्षद जी' पोस्टरों के जरिए यह अपील सभी वार्डवासियों की तरफ की गई है।

वार्डवासियों का आरोप-जरूरतमंदों को नहीं मिल रहा राशन
दरअसल, भरतपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 36 से पार्षद दाऊदयाल लगातार दो बार से पार्षद हैं, लेकिन वार्ड के लोगों का आरोप है कि कोरोना संकट में सभी जनप्रतिनिधि आगे आकर अपने क्षेत्र के लोगों का साथ दे रहे हैं। वार्ड के गरीबों को राशन सहित अन्य जरूरत की चीज भी मुहैया करा रहे हैं, मगर करीब एक महीने से उनका वार्ड पार्षद उनके बीच से गायब है जबकि इस संकट की घड़ी में उनको अपने वार्ड के लोगों की देखभाल के लिए आगे आना चाहिए।

पार्षद पर एक माह से लापता होने का आरोप
वार्ड के लोगों ने बताया कि कोरोना संकट के चलते लगाए गए लॉकडाउन से वार्ड के मजदूर व गरीबों के खाने के लाले पड़ रहे हैं। सभी वार्ड पार्षद अपने अपने वार्डों में जाकर ऐसे लोगों तक जरूरत का सामान पहुंचा रहे हैं, लेकिन हमारा वार्ड पार्षद एक महीने से हमारे लिए लापता के समान हैं।

पार्षद का जवाब-कोई भूखा नहीं सो रहा
पार्षद दाऊदयाल शर्मा का कहना है कि उनके वार्ड में कोई भूखा नहीं सो रहा। जरूरतमंदों को राशन किट बंटवाई है। डीलर और डीएसओ के सम्पर्क हैं। लोगों के बीच में जाने से भीड़ एकत्रित होगी तो लॉकडाउन का उल्लंघन होगा। वार्ड में मेरे लापता होने का पोस्टर असामाजिक तत्वों ने चस्पा किए हैं। उनके सारे आरोप बेबुनियाद हैं।












Click it and Unblock the Notifications